टांडा के तलवापार स्थित हजरत हक्कानी शाह रहमतुल्लाह अलैह की दरगाह पर चादरपोशी करते अकीदतमंद।
अंबेडकरनगर। टांडा के तलवापार स्थित हजरत हक्कानी शाह रहमतुल्लाह अलैह की दरगाह पर शनिवार को उनका 251वां सालाना उर्स अकीदत और रूहानियत भरे माहौल में मनाया गया। सुबह से ही दूर-दराज इलाकों से आए अकीदतमंदों की भारी भीड़ मजार पर उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने चादर, फूल और इत्र पेश कर देश-प्रदेश में अमन, खुशहाली और तरक्की की दुआएं मांगीं।
उर्स के दौरान कुरआन ख्वानी, नातख्वानी और फातिहा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जायरीन ने शिरकत की। पूरे दिन दरगाह परिसर या हक्कानी शाह बाबा के नारों से गूंजता रहा। माहौल में रुहानियत और भाईचारे की खुशबू घुली रही। इस मौके पर सपा नेता मुसाब अजीम समेत हजारों अकीदतमंदों ने मजार पर चादर चढ़ाकर जियारत की और देश में अमन-चैन कायम रहने के लिए विशेष दुआ की। उन्होंने कहा कि औलिया-ए-किराम की जियारत से रूह को सुकून और दिल को सच्ची राहत मिलती है। दरगाह कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पानी, रोशनी और अन्य सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। उर्स का यह ऐतिहासिक आयोजन लोगों के बीच एकता, भाईचारे और प्रेम का संदेश देकर संपन्न हुआ। संवाद