अंबेडकरनगर। सोमवार को जिला अस्पताल के निरीक्षण के लिए काया कल्प टीम के आगमन से एक दिन पहले रविवार को बड़े पैमाने पर साफ-सफाई, रंग-रोगन व वॉल राइटिंग का कार्य चला। अस्पताल परिसर स्थित दो पार्कों की भी विशेष साफ-सफाई के साथ पौधों की कटिंग की गई।
गौरतलब है कि जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सोमवार 23 दिसंबर को लखनऊ से कायाकल्प टीम पहुंच रही है। छह सदस्यीय टीम जिला अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था के साथ ही दवाओं के रखरखाव, वार्डों की स्थिति समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेगी।
टीम के दौरे के मद्देनजर एक दिन पहले ही अस्पताल परिसर को चाकचौबंद करने के लिए कर्मचारियों की फौज उतर पड़ी। साफ-सफाई के लिए बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों को लगाया गया। मुख्य गेट से लेकर वार्ड के अंदर तक सुबह से ही साफ-सफाई का दौर शुरू हुआ जो देर शाम तक चलता रहा।
भवन के कोने-कोने की सफाई की गई। दीवारों पर विभिन्न स्लोगन लिखे गए। अस्पताल परिसर में स्थित दो पार्क जो कि लंबे समय से उपेक्षा के शिकार थे, उनकी विशेष साफ-सफाई की गई। साथ ही पार्क में स्थित झाड़-झंखाड़ की भी सफाई की गई। पार्क में स्थित पौधों की कटाई आदि का भी कार्य किया गया।
सीएमएस डॉ. एसपी गौतम ने बताया कि सोमवार को आने वाली टीम के निरीक्षण को देखते हुए सभी जरूरी तैयारियां एक दिन पहले ही पूर्ण कर ली गईं।