मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीज को परामर्श देते चिकित्सक। संवाद
अंबेडकरनगर। मौसम के कारण वायरल फीवर और गले में संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। चिकित्सकों के अनुसार मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में चार फिजीशियन मौजूद रहे। बारिश होने के बावजूद भी ओपीडी में 813 मरीजों का पंजीकरण कर उपचार किया गया। अस्पताल में प्रतिदिन 60 से ज्यादा वायरल बुखार की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। इनमें कई मरीजों के प्लेटलेट्स तेजी से कम होने के मामले सामने आ रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार वायरल बुखार सामान्य तौर पर पांच से सात दिन तक रह सकता है, लेकिन तीन दिन से अधिक तेज बुखार रहने पर तुरंत खून की जांच करानी चाहिए।
चिकित्सकों ने बताया कि वायरल संक्रमण के कुछ मरीजों में प्लेटलेट्स कम हो रहे हैं, इसलिए समय पर जांच और उपचार जरूरी है। चिकित्सक डॉ. योगेश वर्मा ने ऐसी दशा में पर्याप्त पानी पीने, संतुलित आहार लेने, मौसमी फल, नारियल पानी व चुकंदर और अनार का सेवन करने की सलाह दी। साथ ही बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा लेने से बचने की अपील की।
एक सप्ताह से आ रहा बुखार
भीटी के हाड़पाकड़ गांव के रहने द्वारिका प्रसाद मंगलवार को जिला में चिकित्सक को दिखाने आए थे। द्वारिका ने बताया कि उन्हें करीब एक सप्ताह से बुखार आ रहा है। आराम न होने पर जिला अस्पताल में दिखाने आए हैं। चिकित्सक ने दवाओं के साथ जांच कराने के लिए कहा है।
गले में खराश व सूजन
अकबरपुर के लोरपुर की रहने वाली संध्या को गले में खराश व सूजन की शिकायत थी। संध्या ने बताया कि दो दिनों से उसकी समस्या और बढ़ गई है, जिससे पानी पीना भी मुश्किल हो रहा है। चिकित्सक ने दवा देने के बाद ठंडे पानी आदि से परहेज करने की सलाह दी है।