आलापुर। आलापुर विधानसभा क्षेत्र के 43 गांवों और मजरों में जल्द ही बिजली की सुविधा पहुंचेगी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव, पूर्व सांसद एवं आलापुर विधायक त्रिभुवन दत्त के प्रस्ताव पर शासन ने विद्युतीकरण कार्य को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस योजना से वर्षों से बिजली सुविधा से वंचित बस्तियों के हजारों ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।
विद्युत विभाग की स्वीकृत योजना के तहत आलापुर डिविजन के मदनिया, कौड़ाही, बसहिया गंगासागर, चक मंडप, मकरही, उंचेपुर, कोटिया अशरफपुर, गिरैया बाजार, नरवा पितंबरपुर, केयामपुर, टांडवा जलाल, तेंदुआई कला, बलरामपुर, मंसूरगंज, दुर्गपुर, अन्नापुर, सिपाह, मसेना मिर्जापुर, रामनगर महुवार, शेखपुर मलपुरा, हथियाराज, बहलोलपुर नीवा, ठठापुर, अमादरवेशपुर, नेवरी, गोविंद साहब, भगवानपुर, हिसामुद्दीनपुर, शाहपुर महमूदपुर समेत कुल 43 गांवों व मजरों का चयन किया गया है।
इसमें 27 नए 25 केवीए ट्रांसफाॅर्मर, 6.761 किलोमीटर 11 केवी लाइन, 13.043 किलोमीटर सिंगल फेज एबीसी लाइन, 16.463 किलोमीटर थ्री फेज एबीसी लाइन, 631 विद्युत पोल, 54 पीसीसी पोल स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही 269 नए विद्युत उपभोक्ताओं को भी बिजली कनेक्शन से जोड़ा जाएगा।
विधायक त्रिभुवन दत्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जिन बस्तियों में लंबे समय से बिजली की समस्या बनी हुई थी, वहां अब शीघ्र ही कार्य शुरू कराया जाएगा। इससे शिक्षा, कृषि, लघु उद्योगों और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।