जलालपुर (अंबेडकरनगर)। उमस भरी गर्मी में बिजली की आवाजाही से परेशान लोगों का गुस्सा अब भड़कने लगा है। इसके चलते ही चेकिंग करने पहुंचे बिजली कर्मियों को नाराज ग्रामीणों ने घेर कर पीटा। मामला सम्मनपुर थाना क्षेत्र के सिसारा गांव से जुड़ा है। यहां बकाया राजस्व की वसूली को पहुंचे बिजली कर्मियों के खिलाफ ग्रामीणों ने अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए मारपीट की। इसकी चपेट में आकर एक बिजली कर्मी घायल हुआ। टीम में शामिल बिजली कर्मियों ने क्षेत्रीय ग्रामीणों के खिलाफ सरकारी काम काज में अड़ंगा डालने का आरोप लगाते हुए मारपीट करने की तहरीर पुलिस थाने में दी है।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्याप्त बिजली संकट के बीच पॉवर कार्पोरेशन के अधिकारियों ने बकाया बिल वसूली का अभियान चला रखा है। भीषण गर्मी में बिजली की अघोषित कटौती के कारण पहले से ही परेशान लोगों में इसे लेकर व्याप्त आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। शनिवार को सम्मनपुर के सिसारा गांव में ऐसे ही एक मामले में बिजली कटौती से गुस्साए ग्रामीणों ने राजस्व वसूली को पहुंची टीम पर चेकिंग व वसूली के नाम पर अभद्रता करने का आरोप लगा कर हंगामा काटा। इस दौरान कुछ आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्युत कर्मियों को घेर कर उनके साथ हाथापाई भी शुरू कर दी। इस मारपीट में एक कर्मी चोटिल हुआ।
इस संबंध में कर्बला कासिमपुर विद्युत उपकेंद्र के कर्मी श्याम सुंदर वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार सुबह वह साथी कर्मचारी दिलीप, अजय व मनोज के साथ ग्राम सिसारा में विद्युत चेकिंग व बकाया वसूली के लिए गए थे। इस दौरान कुछ ग्रामीणों से उन्होंने विद्युत कनेक्शन का कागजात दिखाने को कहा। इस पर वह नाराजगी जताते हुए अभद्रता करने लगे। इसका विरोध करने पर ग्रामीणों ने बिजली कर्मियों को घेरकर उनकी पिटाई शुरू कर दी। श्यामसुंदर का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके गले से सोने की चेन भी छीन ली गयी। वरिष्ठ ग्रामीणों के हस्तक्षेप बाद हंगामा थमने के बाद पीड़ित कर्मी विद्युत उपकेंद्र कर्बला कासिमपुर पहुंचे।