अंबेडकरनगर। अकबरपुर के एक मॉडल शाॅप की कैंटीन में वर्दीधारी पुलिसकर्मियों का शराब पीते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में एक उपनिरीक्षक और दो हेड कांस्टेबल वर्दी में खुलेआम शराब पीते दिखाई दे रहे हैं। तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
वायरल वीडियो टांडा रोड स्थित ब्लॉक के सामने मॉडल शॉप की कैंटीन का बताया जा रहा है। वीडियो संज्ञान में आने पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने जांच शुरू कराई, जिसमें तीनों पुलिसकर्मियों की पहचान एसआई वीरेंद्र बहादुर, हेड कांस्टेबल पवन और विक्रम के रूप में हुई, जो वर्तमान में पुलिस लाइन में तैनात थे।
एएसपी पश्चिमी हरेंद्र कुमार ने बताया कि तीनों के निलंबन के साथ ही विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्दी की गरिमा को धूमिल करने वाले पुलिसकर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा।