जलालपुर (अंबेडकरनगर)। कटका के रतना निवासी राजू यादव (29) की रविवार रात आठ बजे गोरखपुर एक्सप्रेसवे से नेवादा बाजार जाने वाले मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई।
पिता मुंशी लाल यादव के मुताबिक उनका बेटा राजू रात आठ बजे बाइक से गोरखपुर एक्सप्रेसवे स्थित पेट्रोल पंप पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। पेट्रोल भरवाकर लौटते समय कटका से नेवादा बाजार की तरफ जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह उछलकर दूर जा गिरे और सिर पर हेलमेट न पहने होने की वजह से गंभीर चोट आ गई। करीब आधे घंटे बाद एक राहगीर ने उन्हें खून से लथपथ देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मोबाइल की छानबीन कर परिजनों से संपर्क किया। इसके बाद राजू को सीएचसी भियांव लाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद से मां निर्मला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन के विरुद्ध केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
बेटी को ठीक से नहीं कर सके दुलार
राजू यादव का दो वर्ष पूर्व विवाह हुआ था। चार माह पूर्व बेटी आरोही का जन्म हुआ था। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी अंजू बेसुध हो गईं। ग्रामीणों ने पानी के छींटे मारकर उन्हें उठाया, तो वह चीख पड़ीं। राजू अभी जी भरकर अपनी बेटी को दुलार तक नहीं कर सके थे। अंजू की चीख-पुकार सुनकर लोगों की आंखें नम हो गईं।
राजू यादव की फाइल फोटो।