जहांगीरगंज। थाने में तैनात एक सिपाही की ओर से पिटाई कर अवैध वसूली करते वीडियो रविवार को वायरल हो गया। वीडियो में सिपाही एक ग्रामीण का कॉलर पकड़कर उसे पीटते देखा जा रहा है। पीड़ित ने जेब से निकालकर सिपाही को रुपये दिए। इसके बाद उसने ग्रामीण को छोड़ दिया। पूरे घटनाक्रम का वीडियो दुकान में बैठे एक व्यक्ति ने बना लिया। खास बात यह है कि सिपाही द्वारा ग्रामीण की पिटाई किसी बंद कमरे या एकांत स्थान पर करने की बजाए मुख्य सड़क पर ही की जा रही थी।
वायरल वीडियो में सिपाही ने पहले ग्रामीण के गिरेबान पर हाथ लगाया। फिर उसे डपटने लगा। वीडियो में सिपाही की आवाज तो नहीं आ रही, लेकिन ऐसा लग रहा कि वह ग्रामीण से पैसे की मांग कर रहा है। इसी बीच सिपाही ने ग्रामीण को थप्पड़ भी जड़ दिया। पीटे जाने से हतप्रभ ग्रामीण ने जेब से रुपये निकाले। इसके बाद बीच सड़क पर ही सिपाही के हाथों में रकम सौंप दी। सिपाही ने बहुत आराम से रकम को पैंट की जेब में रख लिया।
इसके बाद भी उसका मन नहीं भरा। वह एक बार फिर ग्रामीण का कालर पकड़कर खींचने लगा। इस पर वहां मौजूद लोगों ने बीचबचाव कर उसे छुड़वाया। यह वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना को लेकर एसओ नागेंद्र सरोज ने कहा कि प्रकरण की कोई जानकारी नहीं है। सिपाही से पूछताछ होगी। उधर, एएसपी संजय राय ने बताया कि प्रकरण में जांच शुरू कर दी गई है। जरूरी निर्णय लिया जाएगा।