अंबेडकरनगर/हजपुरा। अकबरपुर के बरियावन में 20 सितंबर की रात दबंगों द्वारा जेसीबी से मकान और दुकानें गिराए जाने के मामले में सियासत तेज हो गई है। जिले के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों से वार्ता की। उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ितों को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत पांच लाख रुपये का ब्याजमुक्त ऋण मुहैया कराने का आश्वासन दिया।
प्रभारी मंत्री के पहुंचने पर प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। सीडीओ वैभव मिश्रा, एडीएम ज्योत्सना बंधु, एसडीएम अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह और तहसीलदार दिव्या भारती ने ध्वस्त मकान व दुकानों की पैमाइश शुरू की। राजस्व टीम ने गाटा संख्या 469 से 467 तक की भूमि का रकबा चेक किया। मंत्री ने डीएम ईशा प्रिया के साथ घटनास्थल पर पीड़ितों से बातचीत की, जिन्होंने नम आंखों से पूरी घटना बयां की।
डीएम ईशा प्रिया ने बेघर हुए लोगों को किराये पर आवास के लिए सरकारी मदद देने और बंधक बनाई गई सविता के पति को बेहतर व्यापार तथा बेटियों को शिक्षा दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही, शेष मकान व दुकानें यथास्थिति में रखने और पीड़ितों की मांगें पूरी करने का भरोसा दिया।
प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत डीएम और एसपी से वार्ता कर अकबरपुर के प्रभारी निरीक्षक, संबंधित बीट पुलिसकर्मियों और लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने लोगों को दूसरों को उकसाने और अपशब्द बोलने की ट्रेनिंग देते हैं। कौशांबी के एक सपा नेता के बयान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर खनन की खुली छूट देने जैसे दावे जनहित के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने वाले हैं।
न्याय मिलने तक साथ रहने का आश्वासन
अकबरपुर से सपा विधायक रामअचल राजभर ने भी घटनास्थल का जायजा लेकर पीड़ितों से मुलाकात की और उन्हें न्याय मिलने तक हरसंभव साथ रहने का भरोसा दिया। विधायक ने कहा कि मामला न्यायालय से जुड़ा था और कागजात अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए जाने चाहिए थे, लेकिन इस तरह रात के अंधेरे में कार्रवाई करना सरेआम गुंडागर्दी है। उन्होंने डीएम और एसपी से बात कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की अपील की है।