अकबरपुर के यादवनगर तिराहे पर वाहनों की जांच करते एसपी अभिजीत आर. शंकर।
अंबेडकरनगर। अयोध्या में श्रीराम मंदिर पर 25 नवंबर को प्रस्तावित ध्वजारोहण कार्यक्रम के चलते जिले में ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था 23 नवंबर की रात 11 बजे से लागू हो जाएगी। यह व्यवस्था 26 नवंबर की देर रात तक प्रभावी रहेगी।
गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती व कलवारी से अयोध्या जाने वाले भारी वाहनों को सम्हरिया चौराहा से डायवर्ट कर इनामीपुर पुल से नीचे होते हुए अकबरपुर और वहां से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माध्यम से उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा। कलवारी पुल बंद होने के कारण उस मार्ग से आवाजाही संभव नहीं होगी। अलीगंज के सम्हरिया चौराहा से सेवागंज बैरियर होकर अयोध्या जाने वाले भारी वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। अहिरौली क्षेत्र में यादव नगर तिराहा से अयोध्या जाने वाले भारी वाहन सुल्तानपुर रोड की ओर डायवर्ट किए जाएंगे।
इन व्यवस्थाओं के चलते टांडा–बांदा मार्ग और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने सीमावर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। सीओ ट्रैफिक नीतीश कुमार तिवारी ने बताया कि सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं और पुलिस व ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती कर दी गई है।