अकबरपुर के पटेलनगर स्थित एक निजी विद्यालय में बसंत पंचमी के अवसर पर शुक्रवार को सरस्वती पूजा क
अंबेडकरनगर। जिले में शुक्रवार को वसंत पंचमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह से मनाया गया। विद्यालयों में मां सरस्वती का पूजन और मंदिरों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की गई। सामाजिक संगठनों ने जयंती व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए। वसंत पंचमी के साथ ही श्रावस्ती नरेश महाराजा सम्राट सुहेलदेव राजभर की जयंती भी मनाई गई।
मुख्य आयोजन लोरपुर अष्टखंभा स्थित ऐतिहासिक स्थल पर बाबा भोला दास तपोश्री कमेटी के साथ हुआ। महंत रामकुमारदास ने समाज को शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का संदेश दिया। इस अवसर पर शोभायात्रा भी निकाली गई। कायस्थ महासभा ने मीरानपुर अकबरपुर में सुभाषचंद्र बोस की जयंती और बसंत पंचमी के अवसर पर मां सरस्वती का पूजन किया।
बसखारी के गायत्री संस्कृत माध्यमिक विद्यालय भटपुरवा में बच्चों और शिक्षकों ने मां सरस्वती की पूजा की। नगर क्षेत्र के परमहंस फलाहारी महाराज आश्रम, मोतिगरपुर स्थित रामजानकी मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई। यहां सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ भी हुआ। महंत परमानंद दास ने वसंत पंचमी के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला।
विद्युतनगर के विवेकानंद शिशुकुंज इंटर कॉलेज में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत सुंदरकांड पाठ से हुई, इसके बाद मां सरस्वती का विधिवत पूजन, हवन और प्रसाद वितरण किया गया। नए विद्यार्थियों के प्रवेश के अवसर पर पाटी पूजन भी संपन्न हुआ।
जलालपुर के कैथा ग्राम सभा में वसंत पंचमी के अवसर पर एकदिवसीय मेले का आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान दिनेश चौधरी ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर मेले का शुभारंभ किया।
आलापुर के पं. त्रिलोकीनाथ स्मारक इंटर कॉलेज हथिनाराज पिपरी में वसंत पंचमी के अवसर पर वार्षिकोत्सव व प्रतिभा सम्मान समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक, सामाजिक और देशभक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों को विभिन्न स्मृति पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने शिक्षा, संस्कार और खेलों के महत्व पर अपने विचार रखे।