अंबेडकरनगर। मौनी अमावस्या के अवसर पर अयोध्या और महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण वाराणसी-अयोध्या हाईवे पर सोमवार रात लंबा जाम लग गया। हालात ये रहे मंगलवार देर शाम तक आवागमन प्रभावित रहा। सबसे ज्यादा परेशानी श्रद्धालुओं को झेलनी पड़ी। पुलिसकर्मियों को आवागमन बहाल कराने में पसीने छूट गए।
दरअसल, मौनी अमावस्या पर अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़़ा, वहीं महाकुंभ जाने के लिए भी लोग घरों से निकल पड़े। अयोध्या जाने वाले बड़े वाहनों पर रोक लगा दी गई। इससे श्रद्धालुओं को अंबेडकरनगर से सुल्तानपुर या फिर शाहगंज, जौनपुर से प्रयागराज के लिए निकलना पड़ा। इस वजह से रात करीब 12 बजे से वाराणसी-अयोध्या हाईवे पर जाम लग गया। वाहन रेंगते दिखे। पुलिसकर्मी जाम हटाने का प्रयास करते रहे, लेकिन विफल रहे। जाम इस कदर रहा कि हाईवे पर जहां तक नजर जाती, वहां तक वाहनों की कतार ही दिख रही थी।
वाहनों पर सवार श्रद्धालु चाय-पानी के लिए तरस गए। मंगलवार देर शाम तक हाईवे पर जाम लगा रहा। जाम में फंसे लोगों का कहना था कि प्रशासन पहले से ही बेहतर यातायात व्यवस्था करती तो हम लोगों को इस तरह परेशान न होना पड़ता। सीओ टांडा शुभम कुमार के मुताबिक श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के कारण जाम लगा है। यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया जा रहा है।
ट्रैफिक व्यवस्था की खुली पोल
मौनी अमावस्या पर अयोध्या और महाकुंभ में लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की बात कही गई थी। इसे देखते हुए बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था होने का दावा किया गया था, लेकिन मंगलवार को हाईवे पर लगे लंबे जाम ने पोल खोल दी। पुलिसकर्मी स्वयं जाम हटाने में असहाय नजर आए। रात से ही पुलिसकर्मी जूझते रहे, लेकिन आवागमन प्रभावित रहा। प्रयागराज पहुंचने में श्रद्धालुओं को घंटों लग गए। हाईवे ही नहीं, बल्कि शहर में भी जाम की स्थिति रही। बसों से भी श्रद्धालु प्रयागराज के लिए निकले। इससे तहसील चौराहा से बस स्टेशन चौराहा तक जाम लगा रहा।
किया गया रूट डायवर्जन
-आजमगढ़ से अकबरपुर होते हुए अयोध्या जाने वाले वाहन न्योतरिया से गोहन्ना बाईपास होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माध्यम से अपने गंतव्य को जाएंगे।
-बस्ती कलवारी से होकर अयोध्या जाने वाले वाहन सम्हरिया चौराहा थाना अलीगंज से डायवर्ट करके अकबरपुर होते हुए गोहन्ना बाईपास से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माध्यम से अपने गंतव्य को जाएंगे।
-अकबरपुर से अयोध्या जाने वाले वाहन अन्नावां तिराहा-यादव नगर तिराहा से सुल्तानपुुर रोड पर डायवर्ट होकर अपने गंतव्य को जाएंगे।
-घनघटा, बिड़हल घाट से अकबरपुर होकर अयोध्या की तरफ जाने वाले वाहनों को रामनगर से डायवर्ट करके न्यौरी जलालपुर होकर मालीपुर सुरहुरपुर से पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के माध्यम से निकाले जाएंगे।