अंबेडकरनगर। नई तकनीक व जैविक उर्वरक का प्रयोग कर किसान फसलों की बेहतर उपज कर सकते हैं। किसानों के विकास के लिए केंद्र व प्रदेश सरकारों द्वारा विभिन्न प्रकार की योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इसका सभी को बढ़-चढ़कर लाभ उठाना चाहिए। यह बातें सोमवार को टांडा भाजपा विधायक संजू देवी ने कहीं। वे जिला मुख्यालय स्थित लोहिया भवन में आयोजित यूपी दिवस के दूसरे दिन आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। इस दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले किसानों व पशुपालकों को जहां सम्मानित किया गया, वहीं स्वरोजगार के लिए युवाओं को ऋण भी दिया गया।
लोहिया भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ टांडा विधायक संजू देवी ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है। किसानों द्वारा की जाने वाली बेहतर उपज का ही नतीजा है कि देश की आर्थिक व्यवस्था कभी भी बिगड़ नहीं सकती है। किसानों से आह्वान किया कि वे बेहतर उपज के लिए नई तकनीक व जैविक खाद का प्रयोग करें।
विशिष्ट अतिथि आलापुर के पूर्व विधायक त्रिवेणीराम व वरिष्ठ भाजपा नेता यमुनाप्रसाद चतुर्वेदी ने कहा कि देश की प्रगति में युवाओं व किसानों का बड़ा हाथ होता है। ऐसे में युवाओं व किसानों को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी के साथ करना होगा। जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने किसानों व युवाओं से आह्वान किया कि वे योजनाओं का बढ़-चढ़कर लाभ उठाएं। इस मौके पर सीडीओ घनश्याम मीणा, एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा, सीएमओ डॉ. अशोक कुमार आदि मौजूद रहे। इससे पहले विधायक ने परिसर में लगे विभिन्न विभागों के स्टॉल का अवलोकन किया।
इंसेट
इन्हें किया गया सम्मानित
यूपी दिवस के दूसरे दिन विभिन्न कार्यों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले किसानों व पशुपालकों को सम्मानित किया गया। साथ ही स्वरोजगार के लिए ऋण भी दिया गया। पशुपालक विजय बहादुर वर्मा को गोकुल पुरस्कार के रूप में 51 हजार रुपये से सम्मानित किया गया। आशा देवी को नंदबाबा पुरस्कार के रूप में 21 हजार रुपये, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत अंजू एवं विनीता को 35 हजार रुपये दिए गए। वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत वंशराजी, ज्ञानमती, इमरता, पारसनाथ व बहराइची को पेंशन प्रमाणपत्र दिया गया। पांच युवकों को ट्रिपल सी का प्रमाणपत्र दिया गया।