राजेसुल्तानपुर बाजार में प्रदर्शन करते हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के कार्यकर्ता।
राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य के सोशल मीडिया पर वायरल टिप्पणी पर हिंदू संगठनों ने नाराजगी जाहिर की। संगठनों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार देर शाम राजेसुल्तानपुर बाजार में प्रदर्शन कर मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
आरोप है कि स्वामी प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और भगवान गणेश के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की है। हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के विधानसभा अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने कहा कि इस प्रकार के बयान समाज में वैमनस्य फैलाने वाले हैं और धार्मिक सौहार्द को ठेस पहुंचाते हैं। जिलाध्यक्ष शशि प्रकाश वर्मा ने कहा कि किसी भी धर्म या देवी-देवता का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने थानाध्यक्ष अक्षय पटेल को ज्ञापन सौंपकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।