कुर्की बिजली घर पर जली केबल को बदलता बिजलीकर्मी
अंबेडकरनगर। अकबरपुर के कुर्की फीडर पर बिजली का अंडरग्राउंड केबल जलने से बृहस्पतिवार को 40 गांव की बिजली आपूर्ति 11 घंटे गुल रहने से भीषण गर्मी में उपभोक्ता बिलबिला उठे। देर रात आपूर्ति बहाल होने के बाद ग्रामीणों ने चैन की सांस ली।
कुर्की बिजली घर से दाउदपुर, पंजूपुर, बरसावा, आदिपुर, आठवारा सहित करीब 40 गांव को बिजली आपूर्ति दी जाती है। दोपहर दो बजे के करीब बिजली घर की अंडरग्राउंड केबल जलने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली कर्मी फाॅल्ट खोजने में जुट गए, लेकिन किसी को फाॅल्ट नहीं मिल पा रहा था। एक घंटे बाद दोपहर तीन बजे के करीब अंडरग्राउंड केबल में खराबी की जानकारी होने के बाद बिजली कर्मी खराब केबल को ठीक करने में जुट गए।
रोस्टिंग के अनुसार शाम पांच बजे बिजली आपूर्ति बहाल होनी थी। रात आठ बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं होने पर ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। कई घंटे बिजली गुल रहने से जिन घरों में इनवर्टर लगे थे वह भी बैठ गए। इससे हालात और बिगड़ गए। दाउदपुर निवासी इंद्रेश, घनश्याम, और सतीश ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया।
खपूरा निवासी नरेंद्र यादव ने कहा की बिजली कब कट जाए इसका कोई पता नहीं। बिजली कटौती से जहां उद्योग धंधोंं पर प्रभाव पड़ रहा है। वहीं बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है। आदमपुर गांव के हरीराम गुप्ता के घर के पास गूलर के पेड़ की डाल टूटकर बिजली के तार गिरने से तार टूट गया। इससे 25 घरोंं की बिजली बाधित हो गई।
शुक्रवार को बैरमपुर बरवा बिजली घर पर पूरे दिन रह रहकर बिजली की कटौती से मिर्जापुर, मीरानपुर, बनगांव रोड समेत अकबरपुर के एक दर्जन मोहल्लों के उपभोक्ता हलकान रहे। अधिशासी अभियंता आशीष यादव ने बताया कि केबल को ठीक कराकर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।