अंबेडकरनगर। रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर चले जाने से जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच सोमवार से ठप पड़ गई। अब लगभग 15 दिन तक यह जांच नहीं हो सकेगी। सोमवार को पहुंचे 32 मरीजों व तीमारदारों को मायूस हो लौटना पड़ा। इन सबने नाराजगी जताते हुए कहा कि जिम्मेदारों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए।
जिला अस्पताल में सोमवार को अल्ट्रासाउंड जांच ठप रही। कक्ष के बाहर नोटिस चस्पा कर दी गई कि 31 अक्तूबर तक अल्ट्रासाउंड नहीं होगा। इसके पीछे कारण बताया गया कि रेडियोलॉजिस्ट डॉ. पीएन यादव 17 से लेकर 31 अक्तूबर तक अवकाश पर चले गए हैं।
गौरतलब है कि जिला अस्पताल में एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट के तौर पर डॉ. पीएन यादव की तैनाती है। उनकी गैरहाजिरी में अल्ट्रासाउंड जांच प्रभावित हो जाती है। सोमवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ। जिले के दूरदराज के क्षेत्रों से 30 से अधिक मरीज पहुंचे लेकिन नोटिस देख उन्हें मायूस लौटना पड़ा।
बेवाना से आए राजेंद्र कुमार व राजेसुल्तानपुर के दीपक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि मरीजों के हित को देखते हुए जिम्मेदारों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए थी। इससे पहले भी कई बार ऐसा हुआ है कि रेडियोलॉजिस्ट के न होने से जांच प्रभावित रही है। टांडा से आए शमीम व जलालपुर की शांतिदेवी ने कहा कि एक तो जांच की लंबी-लंबी तारीख दी जाती है, उस पर से रेडियोलॉजिस्ट के अक्सर न रहने से जांच भी नहीं हो पाती है।
रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने से अल्ट्रासाउंड जांच का काम प्रभावित हुआ है। मरीजों व उनके तीमारदारों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए कक्ष के बाहर नोटिस चस्पा कर दी गई है।
-डॉ. ओमप्रकाश, सीएमएस