अंबेडकरनगर। एक ही बाइक से घर लौट रहे तीन मजदूरों को रविवार देर शाम गानेपुर गांव के निकट तेज रफ्तार जीप ने रौंद दिया। इनमें से दो की मौत हो गई जबकि एक की हालत ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
रविवार देर शाम गानेपुर गैस एजेंसी के निकट उस समय अफरातफरी मच गई जब तेज रफ्तार जीप ने आगे जा रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जब तक आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचते, चालक जीप छोड़कर भाग खड़ा हुआ। हादसे में गानेपुर निवासी रामयन (55) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल यहीं के निवासी शैलेंद्र (24) व अजय (35) को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से दोनों को लखनऊ रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही शैलेंद्र की मौत हो गई जबकि अजय की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए जबकि जीप को अभिरक्षा में लेकर थाने लेकर चली गई। इस बीच एसओ राकेश कुमार ने बताया कि तीनों प्रतिदिन की तरह अकबरपुर में मजदूरी कर एक ही बाइक से घर लौट रहे थे कि इसी बीच हादसा हो गया। बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।