अंबेडकरनगर। अकबरपुर से होकर दिल्ली व झारखंड तक जाने वाली ट्रेनों के निरस्त होने से यात्रियों को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा। गंगा सतलज व आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस ट्रेनें के कैंसिल होने से कई यात्रियों को अपनी यात्रा निरस्त करनी पड़ी। जिन्हें जरूरी काम से जाना था, उन्होंने दूसरी ट्रेनों का सहारा लिया। बड़ी संख्या में यात्रियों ने टिकट कैंसिल कराए। कुछ ने बस मार्ग से दूरी तय करना ही मुनासिब समझा।
ट्रेनों के निरस्त होने की जानकारी लेने के लिए अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर पूछताछ काउंटर और जनरल टिकट काउंटर के सामने काफी संख्या में यात्रियों की भीड़ लगी रही। कुछ लोग अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद निराश होकर लौट गए तो कई लोगों ने अकबरपुर से लखनऊ तक बस से सफर करना उचित समझा। इसके अलावा कई यात्रियों ने दूसरी ट्रेनों से सफर किया लेकिन उनमें पहले से ही जगह न होने के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ी। करीब 40 से 45 टिकट कैंसिल हुई।
होती रही धक्कामुक्की
मौजूदा समय में आने-जाने वाली सभी ट्रेन फुल चल रही हैं। ट्रेनों में सीट न होने से यात्री परेशान हैं। कोच में चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच धक्कामुक्की भी हुई। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि ट्रेन अपने गंतव्य से ही निरस्त कर दी गई है। इस वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दूसरी ट्रेन से करनी पड़ेगी यात्रा
सासाराम के आशीष सिंह ने बताया कि उन्होंने टिकट बुक कराया था। जरूरी काम था। पता चला ट्रेन नहीं जाएगी। अब दिल्ली जाने के लिए दूसरी ट्रेन से जाना पड़ेगा।
सीट के लिए मारामारी
जहांगरीगंज से आए मुकेश ने बताया कि भीड़ बहुत ज्यादा है। गंगा सतलज कैंसिल हो गई है। अब समझ में नहीं आ रहा है कि दूसरी ट्रेन में सीट कैसे मिलेगी। इसके लिए मारामारी मची हुई है।
त्योहार सीजन में दूसरी ट्रेन का टिकट मिलना मुश्किल
फिरोजपुर जाने के लिए दूसरी ट्रेन का इंताजर कर रहे यात्री सुकेश ने बताया कि ट्रेनें भी लगातार कैंसिल होती रहती हैं। इसमें आम आदमी को मुसीबत उठानी पड़ती है। त्योहार सीजन में अब आरक्षित टिकट मिलना भी मुश्किल होगा।
ये ट्रेनें देरी से पहुंचीं
अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार को कई ट्रेनें देरी से आईं। इससे यात्रियों को प्रतीक्षा करना पड़ा। इसमें कोलकाता एक्सप्रेस (13151) छह घंटा व (13152) 46 मिनट, पटना इंदौर एक्सप्रेस (19322) एक घंटा 15 मिनट, दरभंगा एक्सप्रेस (19165) एक घंटा 10 मिनट, दून एक्सप्रेस (13010) 54 मिनट, फरक्का एक्सप्रेस (15743) 46 मिनट व अन्य ट्रेनें देरी से पहुंचीं।