जनपद में 24 घंटे के दौरान डेंगू के दो मरीज जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए। एक की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया गया। दूसरे पीड़ित का इलाज जिला अस्पताल के वार्ड में चल रहा है। दो मरीज मिलने से डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप का माहौल है।
हालांकि अधिकारियों का कहना है कि डेंगू पीड़ितों के उपचार के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। बरसात के मौसम में डेंगू जैसी बीमारियों होने का खतरा बढ़ जाता है। डेंगू को लेकर लोग पहले से डरे हुए हैं। इस मौसम में अभी तक डेंगू का कोई मामला सामने नहीं आया था लेकिन बीते 24 घंटे के दौरान दो पीड़ित मरीज जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं।
जनपद की सीमा से लगे दोस्तपुर, सुल्तानपुर इलाके के रहने वाले लालजी (35) को सोमवार देर शाम गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसे तेज बुखार था। उसकी जांच के बाद चिकित्सकों को डेंगू की आशंका हुई। इस आधार पर कराई गई जांच में डेंगू पीड़ित पाया गया। इसके साथ ही इलाज शुरू हुआ लेकिन तबियत और बिगड़ लगे।
इस पर उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। उधर जलालपुर थानान्तर्गत शाहपुर निवासी हरिश्चंद्र (50) को तेज बुखार होने पर परिवारीजनों ने मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बुखार के साथ उसके शरीर पर चकत्ते पड़ गए थे। यह देख डॉक्टर ने उसकी जांच कराई गई। रिपोर्ट में डेंगू पीड़ित मिलने पर उसे अलग से स्थापित विशेष वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। उसकी भी हालत गंभीर बनी हुई है।