अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार को लगे सूचना पट पर ट्रेनों के आवागमन की जानकारी करते यात्री।
- फोटो : अमर उजाला
इंदौर से पटना जा रही इंदौर-पटना एक्सप्रेस ट्रेन के रविवार भोर में दुर्घटनाग्रस्त होने से अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर भी आपाधापी का माहौल दिखा। इस हादसे में जिले के भी दो यात्री घायल हुए हैं। घायलों की संख्या और भी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
इस बीच इंदौर-पटना एक्सप्रेस ट्रेन से आगे की यात्रा के लिए अकबरपुर से जिन 28 यात्रियों ने अपना आरक्षण कराया था, उनका टिकट निरस्त कराकर अलग-अलग ट्रेनों से उनके गंतव्य के लिए भेजा गया। गौरतलब है कि रविवार भोर में इंदौर से आ रही इंदौर-पटना एक्सप्रेस ट्रेन कानपुर के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस ट्रेन को अकबरपुर होते हुए पटना तक जाना था।
जिले के ज्यादातर लोग इसी ट्रेन से बिहार के विभिन्न क्षेत्रों तक जाते हैं। जबकि इंदौर की तरफ से आने व जाने के लिए भी इस ट्रेन का प्रयोग प्रतिमाह हजारों यात्रियों द्वारा किया जाता है। रविवार भोर में इसी कारण जब इस ट्रेन के कानपुर में दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर लोगों को मिली तो उनमें हड़कंप मच गया।
आमतौर पर लोगों में यह चर्चा तेजी से फैलने लगी कि हादसे में हताहत होने वाले लोगों में अंबेडकरनगर जिले के यात्री जरूर शामिल होंगे। दोपहर बाद यह सूचना भी सामने आ गई कि जिले के दो यात्री इस हादसे में घायल हुए हैं। रेलवे ने घायल यात्रियों की जो सूची जारी की उसमें एक यात्री मोनू विश्वकर्मा पुत्र जयराम व दूसरे यात्री राजू पुत्र मेवालाल का नाम दर्ज है।
हालांकि यह यात्री किस गांव व कस्बे के हैं, इसका कोई ब्यौरा नहीं दिया जा सका। राहत की बात यही रही कि इस हादसे में 100 से अधिक जिन यात्रियों की जान गई, उनमें से कोई इस जिले का नहीं था। उधर इंदौर-पटना एक्सप्रेस ट्रेन के कानपुर में दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के चलते यह ट्रेन रविवार को सुबह लगभग पौने 9 बजे अपने निर्धारित समय पर नहीं पहुंच सकी। नतीजतन इस ट्रेेन से पटना की तरफ यात्रा करने के लिए जिन लोगों ने रिजर्वेशन कराया था, उनका टिकट निरस्त कर दिया गया। इसके बाद उन्हें विभिन्न ट्रेनों से आगे के लिए रवाना किया गया।