बसखारी। बीती रात बसखारी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर अंतरजनपदीय दो बाइक चोरों को चोरी की तीन बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। बाद में दोनों के विरुद्घ केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया। बताते चलें कि बीते दिनों बसखारी कस्बे के एक निजी हॉस्पिटल से बाइक चोरी हो गई थी। पुलिस मामले में केस दर्ज कर छानबीन कर रही थी।
गौरतलब है कि बीते दिनों जैतपुर थाना क्षेत्र के महमूदपुर निवासी जगन्नाथ गुप्त ने बसखारी थाने में अपनी बाइक चोरी हो जाने का केस दर्ज कराया था। बताया कि वह बसखारी स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज करवाने गया था। नर्सिंग होम के बाहर खड़ी बाइक को चोरों ने पार कर दिया। काफी खोजबीन की लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला। पुलिस ने मामले में अज्ञात चोरों के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू की।
शनिवार देर रात को बसखारी थाने के उपनिरीक्षक उपेंद्र यादव दल-बल के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इस बीच मुखबिर से बाइक चोरों के आने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्काल मोतिगरपुर मंदिर के पास घेराबंदी की। दो व्यक्ति पुलिस को देखकर मौके से भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को दबोच लिया। मौके से ही आरोपियों के पास से चोरी की दो बाइक बरामद हुई।
थाने लाने के बाद हुई पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम प्रदुम्न सिंह व अरविंद यादव निवासीगण गजेंद्रपट्टी, भदौरा, थाना अतरौलिया जिला आजमगढ़ बताया। आरोपियों ने बसखारी में भी बाइक चोरी करने की बात कबूल की। चोरों की निशानदेही पर भदौरा स्थित अरविंद यादव की दुकान से एक और बाइक बरामद हुई। एसओ पीएन तिवारी ने बताया कि चोरों के पास से चोरी की तीन बाइक बरामद हुई है। चोरों ने कबूल किया कि वे अंबेडकरनगर व आजमगढ़ के अलावा आसपास के जिलों में बाइक चोरी करते थे। दोनों के विरुद्ध केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया।