जिला अस्पताल के परचा काउंटर पर लगी कतार।
अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में इन दिनों मरीजों की भीड़ बढ़ने के कारण परचा बनवाने के लिए उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। ऐसे में लोगों को पर्चा बनवाने के लिए घंटों कतार में खड़ा होना पड़ता है। इस समस्या को देखते हुए सीएमएस ने दो और परचा काउंटर बढ़ाने का फैसला किया है। अभी तक अस्पताल में पांच परचा काउंटर हैं।
यहां पर जगह कम होने से रोगियों की लाइन लगती है। महिलाओं को भी परचा बनवाने के लिए घंटों कतार लगानी पड़ती है। इससे रोगियों की लंबी कतार लगी रहती है। इस समस्या को कई बार प्रमुखता से प्रकाशित किया है। जिसके बाद अब सीएमएस डॉ. पीएन यादव ने दो और परचा काउंटर बढ़ाने का निर्णय लिया है। इन दो काउंटर बनने के बाद इनकी संख्या सात हो जाएगी। अभी तक अस्पताल में एक काउंटर पुरुष, महिला, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक व एक आभा काउंटर भी है। वहीं अब इनके बनने से व्यवस्था में बेहतर सुधार होगा। सीएमएस डॉ. पीएन यादव ने बताया कि इसके लिए स्थान का चयन कर लिया गया है। उसी कमरे के बाहर से काउंटर बनाया जाएगा, जिसमें टिनशेड लगाया जाएगा। इससे मरीजों को राहत मिलेगी।