अंबेडकरनगर। महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी। रविवार को 53 नर्सिंग स्टाफ को एमएलसी हरिओम पांडेय ने नियुक्ति पत्र दिया। अभी तक मेडिकल कॉलेज में कुल 255 नर्सिंग स्टॉफ के सापेक्ष कुल 79 नर्सेज ही तैनात रहीं हैं। वहीं अब 56 में से अभी 53 नर्सेज के और आ जाने से यह संख्या 132 हो गई है। इनकी तैनाती से मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी। कार्यक्रम में विधायक धर्मराज निषाद व जिला पंचायत अध्यक्ष श्यामसुंदर वर्मा मौजूद रहे। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद सभी नवनियुक्त नर्सिंग ऑफिसरों के चेहरे खिल उठे। प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव कहा कि नर्सिंग स्टॉफ के आ जाने से मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में इजाफा होगा और स्थिति और बेहतर हो जाएगी।