अंबेडकरनगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नीलम वर्मा के औचक निरीक्षण में बुधवार को बाल कल्याण समिति कार्यालय की अव्यवस्थाएं सामने आईं। कार्यालय और परिसर में गंदगी मिली। समिति के दो सदस्य और कंप्यूटर सहायक अनुपस्थित मिले। पंजिकाओं में भी कई प्रविष्टियां अधूरी पाई गईं।
सचिव के निरीक्षण के दौरान समिति के चार सदस्यों में वीरेंद्र प्रसाद सिंह उपस्थित मिले। शकुंतला गौतम काफी देर बाद कार्यालय पहुंचीं और देरी का संतोषजनक कारण नहीं बता सकीं। मनोज और वत्सला त्रिपाठी अनुपस्थित मिले। अध्यक्ष ने बताया कि दोनों सदस्य अक्सर अनुपस्थित रहते हैं।
कंप्यूटर सहायक आरती भी गैरहाजिर मिलीं। उनकी अनुपस्थिति के संबंध में अध्यक्ष कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। सचिव ने कार्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और कार्यप्रणाली को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उपस्थिति पंजिका के निरीक्षण में जून 2026 तक का ही विवरण दर्ज मिला। अध्यक्ष रामनायक वर्मा ने बताया कि उपस्थिति बायोमीट्रिक प्रणाली से दर्ज की जाती है, लेकिन कार्यालय का कंप्यूटर और प्रिंटर दो माह से अधिक समय से खराब हैं। इसके कारण जून के बाद का विवरण उपलब्ध नहीं है।
सचिव ने कार्यालय और परिसर की तत्काल सफाई कराने के साथ ही सदस्यों व कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इससे पहले सचिव ने वन स्टॉप सेंटर का भी औचक निरीक्षण किया। केंद्र में दो बच्चियां रह रही थीं। उन्होंने बताया कि उनके अभिभावकों से संपर्क किया गया है।