.सीबी सिंह लॉ कॉलेज सोनगांव।संवाद
अंबेडकरनगर। जिले में लंबे समय से विधि शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय सीबी सिंह लॉ कॉलेज सोनगांव और राजेश पांडेय कॉलेज ऑफ लॉ, इल्तिफातगंज मार्ग को शैक्षणिक सत्र 2026-27 में भी विधि शिक्षा संचालित करने की अनुमति मिल गई है। बार काउंसिल ऑफ इंडिया की विधि शिक्षा संबंधी स्थायी समिति ने 10 सितंबर को हुई बैठक में दोनों महाविद्यालयों को तीन वर्षीय एलएलबी और पांच वर्षीय बीए-एलएलबी पाठ्यक्रम के लिए सशर्त संबद्धता विस्तार की मंजूरी दी है।
दोनों कॉलेजों में तीन वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम के तहत 60-60 विद्यार्थियों की पांच कक्षाओं में प्रवेश की अनुमति दी गई है। वहीं, पांच वर्षीय बीए-एलएलबी एकीकृत पाठ्यक्रम में 60-60 विद्यार्थियों की दो कक्षाएं संचालित की जा सकेंगी। बार काउंसिल ने संबद्धता विस्तार के लिए प्रत्येक महाविद्यालय को पांच लाख रुपये की वापसी योग्य सुरक्षा राशि जमा करने की शर्त रखी है। निर्धारित अवधि में राशि जमा करने के बाद विस्तृत शर्तों के साथ संबद्धता संबंधी पत्र जारी किया जाएगा।
दोनों विधि महाविद्यालय वर्ष 2006 से बार काउंसिल ऑफ इंडिया की मान्यता के तहत विधि शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। संस्थानों को डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या और उत्तर प्रदेश शासन से भी स्थायी मान्यता प्राप्त है। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, यहां से शिक्षा प्राप्त कई विद्यार्थी न्यायिक सेवाओं, विधि अधिकारी के रूप में तथा विश्वविद्यालयों और विधि महाविद्यालयों में अध्यापन के क्षेत्र में कार्यरत हैं।
प्रबंधक नलिनेश तिवारी और धीरेंद्र सिंह ने बताया कि महाविद्यालयों में मूट कोर्ट, विधिक सहायता क्लीनिक, कंप्यूटरयुक्त ई-पुस्तकालय, सेमिनार हॉल, स्मार्ट कक्षाएं, खेल मैदान और वाचनालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग सामान्य कक्ष भी हैं। प्रबंधन के मुताबिक, कक्षाएं नियमित रूप से संचालित होती हैं और शिक्षकों के पास उच्च शैक्षणिक योग्यता व अनुभव है।