जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई मार्ग दुर्घटनाओँ में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक की हालत गंभीर है। बाइक सवार घायलों ने हेल्मेट नहीं पहना था।
थाना क्षेत्र भीटी अंतर्गत खजुरी चौबेपुर गांव निवासिनी मनकेसरा (50) पत्नी हौसिला सोमवार देर शाम खजुरी बाजार जा रही थी। बाजार के निकट तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। लोगों को आता देख बाइक सवार वहां से भाग निकला।
उधर, स्थानीय लोगों ने आननफानन में उसे सीएचसी भीटी में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उधर, थाना क्षेत्र अकबरपुर के लोदीपुर भुवनपुर गांव निवासी मोहम्मद हासिम (50) पुत्र इकबाल हुसैन सोमवार को अपनी पत्नी शहनाज बानो (48) के साथ बाइक से पवई आजमगढ़ जा रहे थे।
सुरहुरपुर चौराहे पर सामने से आ रही जीप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे मोहम्मद हासिम व उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने मोहम्मद हासिम को मृत घोषित कर दिया जबकि उसकी पत्नी का का उपचार गंभीर दशा में चल रहा है।
वहीं सम्मनपुर थाना क्षेत्र के नरायनपुर निवासी लालबहादुर (40) पुत्र नंदलाल सोमवार को बाइक से अकबरपुर आ रहा था। हजपुरा से कुछ आगे साइकिल सवार को बचाने में बाइक लेकर गिर पड़ा और घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उधर, इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी दुर्गेश (25) पुत्र बाबूलाल शनिवार देर शाम केदारनगर बाजार में बाइक की चपेट में आकर घायल हो गया। उसे भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी थाना क्षेत्र के बड़ेगांव निवासी रवींद्र (32) पुत्र गुरुजन सोमवार सुबह हादसे का शिकार हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।