ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर बाइक सवार युवक व उसकी चाची की सोमवार को बेवाना थाना क्षेत्र में मौत हो गई। उधर घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग रहे चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। बाद में पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है। उधर, अन्य मार्ग दुर्घटनाओं में कुल नौ लोग घायल हो गए।
सुल्तानपुर जनपद के दोस्तपुर थाना अंतर्गत बस्ती पहाड़पुर गांव निवासी आकाश वर्मा (21) पुत्र रामकृपाल सोमवार दोपहर बाद बाइक से अपनी चाची श्यामकली (40) पत्नी जगदीश को लेकर अकबरपुर आ रहा था। बताया जाता है कि जब वे दोनों दोस्तपुर रोड स्थित बेवाना विद्युत उपकेंद्र के निकट पहुंचे तो इसी बीच सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई।
जब तक आकाश संभलने का प्रयास करता, बाइक समेत वे दोनों ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आ गए। इससे दोनों की घटना स्थल पर ही कुचलकर मौत हो गई। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। दोनों को एहतियातन जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को अभिरक्षा में ले लिया और आवश्यक कार्रवाई पूरी की। इस बीच रोते-पीटते परिवारीजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। उधर, घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। एसओ ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सुल्तानपुर जनपद के दोस्तपुर थाना अंतर्गत दोस्तपुर निवासिनी रुखसाना (35) पत्नी नूरमोहम्मद रविवार देर शाम जीप की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई, वह घर के निकट सड़क पार कर रही थी। गंभीर अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहां हालत की गंभीरता को देखते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहीं, राजेसुल्तानपुर थाना अंतर्गत रतनपुर गांव निवासी गनपत (55) पुत्र लोचन सोमवार सुबह बाइक से घर से आलापुर जाते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे पहले सीएचसी रामनगर फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
उधर, जलालपुर थाना अंतर्गत जलालपुर निवासी अखिलेश (21) पुत्र महावीर रविवार देर शाम अकबरपुर से बाइक से घर जाते समय किसी बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे पहले सीएचसी जलालपुर फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी भी हालत गंभीर बनी हुई है।
जैतपुर थाना अंतर्गत जैतपुर निवासी कुलदीप (17) पुत्र रामसकल को रविवार देर शाम गांव के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, अकबरपुर थाना अंतर्गत जोगापुर निवासी अभय (19) पुत्र अजय व परवेंद्र (28) पुत्र राजेंद्र रविवार देर शाम बाइक से अकबरपुर से घर जाते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गए।
दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बेवाना थाना अंतर्गत रामपुर गांव निवासी विनय (18) पुत्र बेचनराम रविवार देर शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया, वह बाइक से अकबरपुर से घर जा रहा था।
अकबरपुर थाना अंतर्गत मुरादपुर गांव निवासी अंकित (18) पुत्र सतीराम व राजेश (30) पुत्र रामआसरे सोमवार सुबह बाइक से अकबरपुर आते समय नगर के निकट पहुंचने पर पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक सवार घायलों ने हेल्मेट नहीं लगा रखा था।