आलापुर (अंबेडकरनगर)। अधिवक्ता कल्याण समिति आलापुर के द्विवार्षिक चुनाव की प्रक्रिया के तहत बृहस्पतिवार को नामांकन पत्रों की जांच के दौरान एक अधिवक्ता का नामांकन पत्र अवैध पाए जाने पर निरस्त कर दिया गया, जबकि दो कनिष्ठ सदस्य पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
निर्वाचन अधिकारी रंजीत सिंह, राजमणि सिंह यादव व वाकर अहमद ने बताया कि वरिष्ठ सदस्य पद के लिए सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए। कनिष्ठ सदस्य पद के दो नामांकन फार्म वैध और एक नामांकन पत्र अवैध पाया गया। अवैध ठहराए गए प्रत्याशी दिलीप कुमार यादव का बार काउंसिल में पंजीकरण वर्ष 2010 का है और अधिवक्ता कल्याण समिति में सदस्यता वर्ष 2018 से है। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, समिति के नियमों के तहत सदस्यता के लिए बार काउंसिल में न्यूनतम 20 वर्ष का पंजीकरण और कल्याण समिति में कम से कम 10 वर्ष की सदस्यता आवश्यक है। दिलीप कुमार यादव की सदस्यता अवधि क्रमशः 15 वर्ष और 7 वर्ष होने के कारण उनका नामांकन निरस्त किया गया। नामांकन जांच के बाद कनिष्ठ सदस्य पद पर गिरधारी तिवारी और रामनाथ यादव निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। अब चुनाव प्रक्रिया शेष पदों के लिए जारी रहेगी।