अंबेडकरनगर के आलापुर में रविवार शाम लगी आग से हुआ नुकसान।
- फोटो : अमर उजाला
स्थानीय थाना क्षेत्र के हिसामुद्दीनपुर पिपरा गांव के मजरा भदया निरहू सराय गांव में रविवार शाम लगी आग से दो घरों का सारा सामान जलकर राख हो गया। छप्पर में बंधी दो बकरियों की झुलसने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मामले की सूचना मिलने पर पहुंचे अग्निशमन दस्ते ने ग्रामीणों के सहयोग से किसी तरह आग पर काबू पाया।
गौरतलब है कि आलापुर थाना क्षेत्र के हिसामुद्दीनपुर पिपरा गांव के मजरे भदया निरहू सराय में जियालाल पुत्र बदरी व कमलेश पुत्र गंगाराम छप्परनुमा मकान बनाकर रहते हैं। रविवार शाम अचानक जियालाल के छप्पर में आग लग गई।
देखते ही देखते लपटों ने पूरे मकान को अपनी आगोश में ले लिया। जब तक लोग पहुंचे, तब तक लपटें कमलेश के भी छप्पर तक पहुंच गईं। इसी दौरान ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची अग्निशमन दस्ते ने ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया।
तब तक कमलेश के भी घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। आग से करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान दोनों परिवारों को हुआ है। मौके पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य प्रद्युम्न यादव ने एसडीएम समेत अन्य उच्चाधिकारियों से वार्ता कर तत्काल पीड़ितों को अहेतुक सहायता दिलाए जाने की मांग की।