अंबेडकरनगर। सीडीओ आनंद शुक्ल ने शुक्रवार को सीएचसी टांडा का औचक निरीक्षण किया। इसमें दो महिला चिकित्सक अनुपस्थित मिलीं। उनसे जवाब तलब किया। साथ ही टांडा नगर स्थित छह कार्यालयों का निरीक्षण किया। कई परियोजनाओं का जायजा भी लिया।
सीडीओ को सीएचसी में साढ़े दस बजे करीब डॉ. एस नेहार व एक अन्य महिला चिकित्सक डॉ. सरिता प्रसाद अनुपस्थित मिलीं। सीएमओ को निर्देश दिया कि इनसे स्पष्टीकरण लिया जाए। जवाब संतोषजनक न हो तो दोनों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाए। यहां भर्ती मिलीं महिला मरीज नूर फातमा ने दवा, भोजन व इलाज की व्यवस्था से संतुष्टि जताई। होम्योपैथिक अस्पताल में डॉ. विपिन कुमार पांडेय नहीं मिले, लेकिन वीडियोकॉल पर सीडीओ ने देखा कि वह एक अन्य केंद्र पर संबद्ध होने के कारण वहां इलाज कर रहे थे।
प्राथमिक विद्यालय डाड़ी महमूदपुर में सभी शिक्षक मौजूद थे। दो छात्राएं अनन्या व राहिला के अलावा छात्र आलोक ने प्रश्नों का सही जवाब दिया। महमूदपुर के आंगनबाड़ी केंद्र का भवन काफी जर्जर दशा में मिला। यहां तीन केंद्रों में से एक पर बच्चों की संख्या दर्ज करने में अंतर पाए जाने पर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। टांडा ब्लॉक कार्यालय के निरीक्षण में एडीओ पंचायत का कार्यालय बदहाल पाए जाने पर नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। पत्रावलियों के रख रखाव में लापरवाही पाए जाने पर बीडीओ व उपायुक्त श्रम रोजगार को स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया। गोवंश आश्रय स्थल डाड़ी में पशुओं के रख रखाव की व्यवस्था सही नहीं मिली। राजकीय पॉलिटेक्निक हाजलपट्टी का निर्माण कार्य बंद मिला। कार्यदायी संस्था को पूरी पत्रावली के साथ तलब किया गया।
चौपाल में सुनी समस्या
सीडीओ ने ग्राम पंचायत बड्डूपुर में जन चौपाल लगाया। यहां का पंचायत भवन सभी सुविधाओं से युक्त पाया गया। सीडीओ ने ग्राम सचिवों व प्रधानों को इस पंचायत भवन को दिखाकर अपने यहां भी इसी तरह की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी। लाभार्थियों की सूची का सत्यापन किया। यहां जलनिगम के अवर अभियंता को निर्देश दिया कि क्षतिग्रस्त की गई सड़कों को ठीक कराते हुए शत प्रतिशत कनेक्शन के जरिए पानी की आपूर्ति की जाए।