केदारनगर (अंबेडकरनगर) थाना क्षेत्र इब्राहिमपुर के इल्तिफातगंज नगर में दो सगे भाई बृहस्पतिवार को सरयू नदी के निकट से अचानक लापता हो गए। परिजनों ने नदी में डूबने की आशंका जताई है। हादसा उस समय हुआ जब उनके माता-पिता निकाय चुनाव में वोट डालने के लिए गए थे।
नगर के मोहल्ला बागीचा निवासी नसीम अहमद दोपहर बाद वोट देकर आए तो पता चला कि पुत्र नोमान (14) और रेहान (11) वर्ष साइकिल लेकर सरयू नदी में मछली मारने गए हैं। काफी देर बाद तलाश शुरू हुई तो नदी किनारे उनकी साइकिल, चप्पल और मछली मारने की कटिया आदि मिली। परिजनों ने नदी में डूबने की आशंका प्रकट करते हुए रोना-पीटना शुरू कर दिया। नसीम का परिवार नागपुर में रहता है। एक माह पहले ही परिवार यहां आया था। उधर पुलिस ने नदी में तलाश शुरू करवाई लेकिन सफलता नहीं मिली। अब शुक्रवार को फिर से अभियान चलेगा। (संवाद)