अंबेडकरनगर। जलजीवन मिशन के तहत विकास खंड रामनगर के शाहपुर औरांव में चल रही परियोजना में ट्यूवेल भवन का निर्माण अब फिर से होगा। जलनिगम के अधिशाषी अभियंता ने घटिया निर्माण को तोड़कर पुनः निर्माण का निर्देश दिया है।
योजना के तहत कार्यदायी संस्था विंध्या टेली लिंक द्वारा शाहपुर औरांव में तेजी से परियोजना पर काम किया जा रहा था। इसी बीच स्थानीय लोगों ने जलनिगम के अधिशाषी अभियंता को शिकायती पत्र सौंपकर कहा कि ट्यूवेल के निर्माण में पीली ईंट का प्रयोग किया जा रहा है।
अधिशाषी अभियंता के निर्देश पर जलनिगम व कार्यदायी संस्था की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। साथ ही ईंट का नमूना लेकर जांच कराई गई। जांच में ईंट अधोमानक मिला। इस पर अधिशाषी अभियंता सूरज कुमार ने अब तक हो चुके निर्माण को तोड़कर फिर से निर्माण का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि निर्माण में मानक पर पूरा ध्यान दिया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।