अंबेडकरनगर। रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को जिला अस्पताल में इमरजेंसी में इलाज के लिए बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। इस दौरान लगभग 150 मरीजों का इमरजेंसी में उपचार किया गया।
तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए शासन के निर्देश पर अग्रिम आदेश तक जिला अस्पताल में ओपीडी को बंद कर दिया गया है। ऐसे में अब केवल इमरजेंसी में ही इलाज चल रहा है। रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को इलाज के लिए इमरजेंसी में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। इमरजेंसी में तैनात डॉ. ज्ञानप्रकाश ने कोरोना प्रोटोकॉल के बीच आने वाले मरीजों का सुचारु रूप से इलाज किया।
सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि सोमवार को लगभग 150 मरीजों का इलाज इमरजेंसी में किया गया। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह पालन किया गया। इसके साथ ही मरीजों व तीमारदारों से अपील की गई कि कोरोना को फैलने से रोकने के लिए न सिर्फ खुद जागरूक हों, बल्कि दूसरों को भी जागरूक करें। घर से बाहर निकलने के दौरान मास्क जरूर लगाएं। सोशल डिस्टेंसिंग पर विशेष ध्यान दें। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में जाने से परहेज करें। समय-समय पर साबुन से हाथ धोते रहें। सफाई पर विशेष ध्यान दें।