फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिना भेदभाव विकास कराने वाले को बनाएं प्रतिनिधि

विज्ञापन
विज्ञापन
बसखारी। नामांकन प्रक्रिया निपटने के बाद अब जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रत्याशियों ने प्रचार-प्रसार का कार्य तेज कर दिया है। इस बीच मतदाताओं में चुनावी चर्चाओं का भी दौर तेज हो गया है। सुबह से ही गांव की गलियों, चौपालों, नुक्कड़ों, चाय पान की दुकानों व होटलों पर सुबह से ही चुनावी चर्चा का जो दौर शुरू होता है, वह रात तक जारी रहता है।
विज्ञापन

गांव की सरकार कैसी हो और प्रतिनिधि कैसा होना चाहिए, इस पर जोरशोर से चर्चाएं हो रही हैं। सोमवार को अमर उजाला टीम बसखारी विकास खंड के नरायणपुर गांव पहुंची तो मिठाईलाल गोस्वामी की आटा चक्की की दुकान पर कुछ ग्रामीण बैठे गांव की सरकार पर चर्चा पर कर रहे थे। टीम कुछ देर के लिए वहां रुक गई।
भीम गोस्वामी व अमित पटेल ने कहा कि ग्राम पंचायत का प्रतिनिधित्व ऐसे हाथों में होना चाहिए, जो गांव का विकास बगैर किसी भेदभाव के निष्पक्ष ढंग से करे। पात्रों को योजनाओं का समुचित लाभ दिलाए। अमन वर्मा व दिनेश वर्मा ने कहा कि गांव में तमाम प्रकार की समस्याएं हैं। प्रतिनिधि ऐसा होना चाहिए, जो मूलभूत समस्याओं को दूर करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए। शशांक वर्मा, विवेक वर्मा व रामचेत ने कहा कि हाईटेक होते माहौल में दुनिया बड़ी तेजी से आगे बढ़ रही है। ऐसे में प्रतिनिधि ऐसा होना चाहिए, जिसमें कुछ नया करने का जज्बा हो। गांव के विकास के लिए वह नई सोच रखता हो।
विज्ञापन

ग्राम पंचायत अरुषा आजमपुर
महिलाओं को दिलाएंगे अधिकार
भारती ने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकार के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें अधिकार दिलाने में सभी जरूरी कदम उठाएंगे। यदि महिलाएं अपने अधिकार के प्रति जागरूक होंगी, तो गांव का विकास भी तेजी से होगा। अब महिलाएं किसी से भी पीछे नहीं हैं। ऐसे में महिलाओं के हित में बढ़ चढ़कर कार्य करेंगे।
महिलाओं को बनाएंगे आत्मनिर्भर
धूपा देवी ने कहा कि उनका पूरा जोर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर रहेगा। यदि जीत हासिल होती है, तो महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें शासन द्वारा संचालित ग्रामीण आजीविका मिशन से जोड़ने का कार्य करेंगी। योजनाओं का महिलाओं को अधिक से अधिक लाभ मिल सके, इसके लिए पूरी गंभीरता दिखाई जाएगी।
ग्राम पंचायत गोकुलपुर दायमपुर
मनरेगा मजदूरों को दिलाएंगे कार्य
पंकज पटेल ने कहा कि मनरेगा मजदूरों को 100 दिन कार्य मिल सके, इसे लेकर पूरी गंभीरता दिखाई जाएगी। इसके लिए गांव में कराए जाने वाले विकास कार्य मनरेगा के तहत कराए जाएंगे। मनरेगा मजदूरों को समय पर मजदूरी मिल सके, इसे भी सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर भी किया जाएगा।
शिक्षा पर रहेगा जोर
जोखूराम ने कहा कि उनका पूरा जोर शिक्षा पर रहेगा। मेरा मानना है कि यदि गांव में शत-प्रतिशत साक्षरता होगी, तो इससे गांव का विकास भी तेजी से होगा। देश का विकास गांव की गलियों से होकर गुजरता है, तो ऐसे में शत-प्रतिशत साक्षरता के आधार पर गांव का विकास तेजी से कराएंगे।
ग्राम पंचायत टड़वा दरब
दूर होगी पेयजल समस्या
इंद्राज यादव ने कहा कि गांव में पेयजल की बड़ी समस्या है। जल संरक्षण के साथ ही पेयजल की समस्या को दूर करने का भी कार्य किया जाएगा। खराब पड़े हैंडपंपों को दुरुस्त कराने के साथ ही आवश्यकतानुसार नए हैंडपंपों की स्थापना की जाएगी।
मार्गों को कराया जाएगा दुरुस्त
संजय मद्धेशिया ने कहा कि गांव में आवागमन समस्या लंबे समय से बनी हुई है। संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त है। ऐसे में आवागमन सुचारु करने के लिए न सिर्फ संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाएगा, बल्कि गांव की गलियों को सीसी भी कराया जाएगा। आवश्यकतानुसार खड़ंजे का निर्माण कराया जाएगा।
ग्राम पंचायत शंकरपुर बिशुनपुर
प्रकाश व्यवस्था कराएंगे दुरुस्त
अजय यादव ने कहा कि गांव में प्रकाश व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो गई है। ज्यादातर स्ट्रीट लाइटें क्षतिग्रस्त हैं। रात होते ही गलियां अंधेरे में डूब जाती हैं। ऐसे में यदि जीत हासिल होती है, तो प्रकाश व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त कराया जाएगा। न सिर्फ क्षतिग्रस्त स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराएंगे, बल्कि नई स्ट्रीट लाइट भी लगाई जाएंगी।
सफाई व्यवस्था पर रहेगा जोर
राजेश्वर यादव ने कहा कि साफ सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर रहेगा। परिषदीय विद्यालय से लेकर गांव की गलियों में विशेष सफाई रखी जाएगी। जगह-जगह कूड़ेदान रचावाए जाएंगे। जलनिकासी के लिए न सिर्फ क्षतिग्रस्त नालियों को दुरुस्त कराएंगे, बल्कि बड़े पैमाने पर नई नालियों का निर्माण कराएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें