अंबेडकरनगर। नगर के टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गौहन्ना मौरंग मंडी में बिना रायल्टी के मौरंग बेचने को लेकर मंगलवार को बस्ती और अंबेडकरनगर के ट्रांसपोर्टर आपस में भिड़ गए। मंडी में जमकर बवाल और मारपीट हुई। शाम को ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी और ट्रक चालक अकबरपुर कोतवाली पहुंचे और विवाद करने वाले लोगाें के खिलाफ तहरीर दी।
अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत गौहन्ना मौरंग मंडी में प्रतिदिन मौरंग के 60-70 ट्रक आते हैं। मंगलवार को भी यहां मौरंग का ट्रक आया। 1400 रुपये टन के हिसाब से ट्रांसपोर्टर मौरंग की बिक्री करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान बस्ती के 12 ट्रक वहां पहुंचे और 1300 रुपये टन के हिसाब से मौरंग की बिक्री की जाने लगी। स्थानीय ट्रांसपोर्टरोंं ने इसका विरोध दिया।
रायल्टी के पेपर जांचने पर जानकारी हुई की पेपर बस्ती जिले के लिए बने हैं। उसकी ब्रिकी की तारीख भी निकल चुकी है। इसके बाद दोनोंं जनपद के ट्रांसपोर्टरों के बीच वाद-विवाद के बाद मारपीट शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख गैर जनपद के ट्रांसपोर्टर आठ ट्रक लेकर भाग निकले। चार ट्रकों को स्थानीय ट्रांसपोर्टरोंं ने रोक लिया। विवाद थमने के बाद बाकी चार ट्रक भी चालक लेकर बस्ती चले गए।
ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष आलोक सिंह, दुर्गेश सिंह, अली कैसर, राम मोहन यादव, अरविंद सिंह, चंद्रभान सिंह, अखिलेश शुक्ल, निक्कू सिंह, मूलचंद यादव, अशोक कुमार आदि ने कोतवाली पहुंच तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि जांच कराई जा रही है। खनन अधिकारी कमलेश साहू ने बताया कि मामले की जानकारी उन्हेंं नहीं है।