.भीटी के रैमलपुर में गोष्ठी के दौरान उपस्थित किसान।
भीटी (अंबेडकरनगर)। तहसील भीटी क्षेत्र के रैमलपुर गांव में मंगलवार को किसान क्राफ्ट के तत्वावधान में डीडीएसआर पर एक दिवसीय प्रदर्शन व किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि विज्ञान केंद्र पांती के अध्यक्ष डॉ. रामजीत ने कहा कि धान की खेती ड्राई डायरेक्ट शीडेड राइस (डीडीएसआर) तकनीक बहुपयोगी है। इस विधि में सूखे, समतल और अच्छी तरह से तैयार खेत में सीधे धान के बीज की बोआई बिना नर्सरी के की जा सकती है। यह तकनीक किसानों पारंपरिक तरीकों की तुलना में 50 प्रतिशत तक पानी की बचत करती हैं। किसान क्राफ्ट के सहायक प्रबंधक आलोक जैन ने बताया कि सूखे सीधे बीज वाली धान की किस्में स्वाद और गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी नहीं होने देती हैं। कृषि विभाग के एडीओ एजी भीटी डॉ. नरेश मणि पांडेय और डाॅ. सुमंत हल्ला ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर चंद्र प्रकाश वर्मा, जयप्रकाश वर्मा, वेद प्रकाश श्रीवास्तव, ओम प्रकाश सिंह, अनिल कुमार सिंह, रामजन्म तिवारी और अवधेश प्रताप सहित दर्जनों किसान उपस्थित रहे।