अंबेडकरनगर। सियालदाह डाउन एक्सप्रेस के थर्ड एसी कोच में एक यात्री को खांसी आने व हल्का बुखार से पीड़ित होने पर ट्रेन को अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर लगभग एक घंटे तक रोक दिया गया। सूचना पर कोरोना प्रभारी डॉ. आशुतोष के नेतृत्व में पहुंची टीम संबंधित यात्री को जिला अस्पताल ले गई। जांच के बाद सामान्य सर्दी जुकाम पाए जाने पर उसे वापस ट्रेन में बैठाया। लगभग दो घंटे के बाद ट्रेन अकबरपुर रेलवे स्टेशन से आगे बढ़ सकी। इस दौरान संबंधित यात्रियों में हड़कंप का माहौल रहा।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात 11 बजे करीब सियालदाह डाउन एक्सप्रेस ट्रेन जब अकबरपुर रेलवे स्टेशन के निकट पहुंची, तो एक यात्री ने अकबरपुर रेलवे स्टेशन के जिम्मेदार अधिकारियों को सूचना दी कि थर्ड एसी में मौजूद सह यात्री की तबियत खराब है। उसे लगातार खांसी आने के साथ ही बुखार भी है। यह जानकारी हासिल होते ही रेलवे स्टेशन के अधिकारियों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने इसकी जानकारी जिले के प्रशासनिक अधिकारियों को दी। जब तक ट्रेन अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचती तब तक कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ. आशुतोष के नेतृत्व में टीम अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंच चुकी थी।
आननफानन में यात्री को ट्रेन से उतारा गया और टीम उसे लेकर जिला अस्पताल चली गई। डॉ. आशुतोष ने बताया कि जांच में कोरोना वॉयरस के कोई लक्षण संबंधित यात्री में नहीं पाए गए। बताया कि वाराणसी जाने वाले यात्री को सामान्य सर्दी जुकाम व बुखार था। जरूरी दवाएं देने के बाद उसे वापस संबंधित ट्रेन पर पहुंचा दिया गया। इस बीच ट्रेन लगभग दो घंटे तक अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। यात्री के ट्रेन पर आने के बाद ट्रेन वाराणसी के लिए रवाना हो सकी। उधर अकबरपुर रेलवे स्टेशन अधीक्षक जयप्रकाश ने बताया कि एक यात्री को खांसी आने व बुखार की शिकायत प्राप्त हुई थी। उसकी जिला अस्पताल में जांच कराई गई। ऐसे में ट्रेन को लगभग दो घंटे तक अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ा।