शनिवार को अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन आने के बाद बाहर निकलते यात्री। संवाद
अंबेडकरनगर। अकबरपुर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों की लेटलतीफी यात्रियों के लिए मुसीबत बन गई है। निर्धारित समय पर स्टेशन पहुंचने के बावजूद यात्रियों को घंटों ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है। शनिवार को कई ट्रेनें दो से चार घंटे तक देरी से पहुंचीं। इससे नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और जरूरी काम से दूसरे जिलों में जाने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
शनिवार को गंगा सतलज एक्सप्रेस दो घंटे, लखनऊ इंटरसिटी एक घंटे और फरक्का एक्सप्रेस करीब ढाई घंटे की देरी से अकबरपुर पहुंची। इसके अलावा अहमदाबाद-साबरमती, लोकनायक और दून एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से देरी से स्टेशन पर आईं। ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण यात्रियों की आगे की यात्रा की योजनाएं भी प्रभावित हुईं। कई यात्रियों को स्टेशन पर बैठकर घंटों समय बिताना पड़ा। अकबरपुर के सोनगांव निवासी रोहित ने बताया कि रविवार को उनका पीईटी का पेपर है। इसके लिए उन्हें लखनऊ जाना है, लेकिन ट्रेन की देरी से परेशानी हो रही है। वहीं, बसखारी निवासी रमाशंकर ने बताया कि उन्हें जरूरी काम से दिल्ली जाना है। ट्रेन समय पर न आने से उनकी यात्रा प्रभावित हो रही है।
स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मौसम के कारण कुछ ट्रेनें देरी से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को असुविधा हुई। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर ट्रेनों के आगमन की जानकारी समय-समय पर दी जा रही है।