हजपुरा। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के ककरडिल्ला बाजार में शुक्रवार को रामलीला पंडाल में करंट उतरने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। युवक अपने माता-पिता की इकलौती संतान था।
मोलनापुर सीहमऊ निवासी विवेक गुप्ता के अनुसार, अकबरपुर के ककरडिल्ला बाजार में रामलीला का मंचन चल रहा है। शुक्रवार को उनका भांजा दीपक गुप्ता (22) घर से बाजार जाने के बाद रामलीला देखने पहुंचा था। दोपहर करीब तीन बजे वह पंडाल के पीछे चला गया। इस दौरान टेंट में लगे लोहे के पाइप में प्रवाहित करंट की चपेट में आकर बेसुध हो गया। काफी देर बाद वहां पहुंचे एक ग्रामीण ने उसे पड़ा देखा। ग्रामीणों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बताया कि दीपक ने रवि सरदार पटेल डिग्री कॉलेज में बीएड प्रथम वर्ष में दाखिला लिया था। उसकी मां तारा देवी पिछले दो दशक से पति से अनबन के चलते मायके में बेटे के साथ रह रही थीं। बेटे की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।