विद्युतनगर। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ जिला संयोजक प्रदीप गुप्त उर्फ शंकर गुप्त ने डीएम को ज्ञापन सौंप टांडा में बंद पड़ी यात्री ट्रेन सेवा फिर शुरू कराने की मांग की। कहा गया कि टांडा नगर में रेल सेवा बंद होने से नागरिकों को कई मुश्किलों से गुजरना पड़ रहा।
डीएम को दिए पत्र में भाजपा नेता ने कहा कि टांडा में निर्मित कपड़े देश के कोने-कोने में जाते हैं। यहां बने कई अन्य उत्पादों का लाभ लोगों को मिल रहा है। इसके अलावा टांडा तहसील में ही बिजली उत्पादन की संस्था एनटीपीसी भी है। टांडा तहसील में ही मेडिकल कॉलेज भी है। इन सबके बावजूद यहां के लोगों को ट्रेन सेवा से वंचित होना पड़ रहा। यहां यात्रियों के लिए महज बस सेवा व निजी यात्री वाहन ही सहारा हैं। बताया कि पूर्व में जब टांडा में यात्री ट्रेन का संचालन होता था तब नागरिकों को यात्रा करने में असुविधाओं का सामना नहीं करना पड़ता था, लेकिन यह सेवा बंद होने से इसमें गतिरोध उत्पन्न हो गया।
पत्र में मांग किया कि टांडा नगर में बंद पड़ी रेल सेवा को पुन: चालू कराया जाए। साथ ही टांडा रेलवे स्टेशन को बस्ती से जोड़ने का काम किया जाए। यदि टांडा नगर में पुन: रेल सेवा का संचालन होता है तो यात्रियों की समस्याएं काफी हद तक कम हो सकती हैं। इस मौके पर संतोष कुमार अग्रवाल, कृष्ण कुमार सोनी, अभिषेक गुप्त, फूलचंद यादव, शिवकुमार आदि मौजूद रहे। (संवाद)