अंबेडकरनगर। अमर उजाला की मुहिम ने एक बार फिर असर दिखाया है। हावड़ा से चलकर देहरादून तक हर दिन जाने व आने वाली दून एक्सप्रेस अप व दून एक्सप्रेस डाउन का डायवर्जन रेलवे ने निरस्त करने का निर्णय लिया है। अब ये ट्रेनें एक बार फिर से जौनपुर, अंबेडकरनगर, अयोध्या व बाराबंकी होकर निकलेंगी। ऐसे में इसका लाभ इन जिलों के हजारों यात्रियों को एक बार फिर से मिल सकेगा। इसी के साथ ही डिब्रूगढ़ अमृतसर एक्सप्रेस का डायवर्जन भी रेलवे ने निरस्त कर दिया है। यात्रियों ने यह खुश खबरी मिलने के बाद अमर उजाला का आभार जताते हुए कहा कि इस मुहिम के बाद भी कई जनप्रतिनिधि, संगठन व आम यात्री रेलवे के निर्णय का विरोध करने के लिए आगे आए थे।
गौरतलब है कि कोविड संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए रेलवे ने ज्यादातर ट्रेनों को निरस्त कर रखा है। क्रमवार कुछ विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इस बीच बीते दिनों रेलवे ने अचानक तय किया कि गंगा सतलज/किसान एक्सप्रेस तथा दून एक्सप्रेस का रूट अंबेडकरनगर, जौनपुर, अयोध्या व बाराबंकी से होकर आवागमन नहीं होगा। इसके साथ ही दो अन्य साप्ताहिक ट्रेनों का भी रूट बदल दिया। तय किया कि भविष्य में जब भी इन ट्रेनों का संचालन होगा तो यह ट्रेनें बनारस से ही सुल्तानपुर/रायबरेली होकर लखनऊ होते हुए चलेंगी। रेलवे के इस निर्णय की खबर सबसे पहले सिर्फ अमर उजाला ने ही दी।
इसके बाद ट्रेनों का डायवर्जन निरस्त कराने के लिए विशेष मुहिम भी शुरू कर दी। दरअसल गंगा सतलज व दून एक्सप्रेस ट्रेन अंबेडकरनगर व अयोध्या जनपद के यात्रियों के लिए लाइफ लाइन मानी जाती रही है। बिहार, झारखंड, कोलकाता, उत्तराखंड व पंजाब जाने के लिए इन जिलों के हजारों यात्री इन्हीं ट्रेनों पर आश्रित रहते थे। नजदीकी स्टेशनों से आवागमन के लिए भी यह ट्रेन यात्रियों की पहली पसंद थी। इसी को देखते हुए अमर उजाला ने जो विशेष मुहिम शुरू की थी, उसे आगे चलकर विभिन्न जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा यात्रियों का साथ मिला। अधिकारियों से लेकर रेल मंत्रालय तक ज्ञापन का दौर चला तो वहीं सोशल मीडिया का भी सहारा लिया गया।
इन सब का असर यह हुआ कि अमर उजाला ने जनहित में जो मुहिम शुरू की थी, वह अन्तत: रंग लाई। रेलवे ने गुरुवार को लिए निर्णय में कहा कि दून एक्सप्रेस का डायवर्जन निरस्त किया जाता है। अब यह वाराणसी, प्रतापगढ़ होकर लखनऊ जाने की बजाए पहले के ही तरह वाराणसी, जफराबाद, शाहगंज, अकबरपुर, अयोध्या व बाराबंकी होकर आवागमन करेगी। रेलवे बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर विवेक कुमार सिन्हा ने रेल मंत्रालय के इस निर्णय की जानकारी दी। रेलवे ने उसके साथ तय किया कि डिब्रूगढ़ अमृतसर एक्सप्रेस साप्ताहिक ट्रेन का डायवर्जन भी निरस्त किया जाता है। अब यह ट्रेन बुधवार व शनिवार को अपने निर्धारित समय से ही आवागमन करेगी। रेल मंत्रालय के इस निर्णय के बाद अमर उजाला के इन मुहिम के साकार होने का यात्रियों ने स्वागत किया है।
अकबरपुर नगर निवासी अधिवक्ता आनन्द द्विवेदी ने कहा कि सिर्फ अमर उजाला ने ही इस तरह से इस मामले को मुहिम का रूप दिया। उसका ही सकारात्मक असर अब देखने को मिला है। अमर उजाला की कई मुहिम पहले भी रंग ला चुकी है। ऐसे में यह एक और जनहितकारी प्रयास सफल हुआ है। जलालपुर निवासी सप्रिय गोयल, राजकुमार व आशुतोष सिंह ने कहा कि निश्चित रूप से अमर उजाला ने जो वीणा उठाया था वह बहुत जल्द कामयाब होने में सफल रहा है। इसका लाभ अंबेडकरनगर समेत आसपास जिले के हजारों यात्रियों को मिलेगा।
दून एक्सप्रेस व डिब्रूगढ़ अमृतसर एक्सप्रेस का डायवर्जन निरस्त होने का पत्र मिल गया है। ये ट्रेनें भविष्य में जब भी चलेंगी तो एक बार फिर से अकबरपुर स्टेशन से होकर ही गुजरेंगी।
- जयप्रकाश, स्टेशन अधीक्षक, अकबरपुर