अंबेडकरनगर। पंडित दीनदयाल डाउन एक्सप्रेस निरस्त रही वहीं, सात ट्रेनें घंटों लेट रहीं। इससे उमसभरी गर्मी में यात्रियों को तमाम मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
ट्रेन यात्रियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ट्रेनों के निरस्त और घंटों लेट होने का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार को भी एक एक्सप्रेस ट्रेन निरस्त रही, वहीं सात ट्रेनें घंटों विलंब से चलीं।
अकबरपुर रेलवे स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार, शाम 4:55 पर अकबरपुर रेलवे स्टेशन आने वाली पंडित दीनदयाल डाउन एक्सप्रेस के निरस्त होने की जानकारी यात्रियों को दी गई। नतीजतन 11 यात्रियों को टिकट रद्द कराने पड़े। इसके अलावा सात अन्य ट्रेनें घंटों विलंब से अकबरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचीं।
पैसेंजर अप निर्धारित समय सुबह 7:06 से दो घंटा, दून अप एक्सप्रेस निर्धारित समय अपराह्न 1:16 से दो घंटा, आनंदविहार अप एक्सप्रेस अपराह्न 2:22 से ढाई घंटा, कोटा-पटना अप एक्सप्रेस सुबह 7:15 से डेढ़ घंटा विलंब से अकबरपुर रेलवे म्टेशन पहुंची। मरुधर डाउन एक्सप्रेस सुबह 7:35 से साढ़े चार घंटा, दून डाउन एक्सप्रेस दोपहर 12:25 से चार घंटा व पैसेंजर डाउन ट्रेन शाम 4:19 से तीन घंटा विलंब से चली।
ट्रेनों के घंटों विलंब से चलने से गंतव्य तक जाने के लिए यात्रियों को तमाम समस्याओं का सामना करना पड़ा। उधर, स्टेशन अधीक्षक जयप्रकाश ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए समय रहते ट्रेनों की स्थिति की जानकारी दे दी गई थी।