हंसवर में रघुराजी देवी इंटर कॉलेज के निकट एक घर में अनियंत्रित होकर घुसा ट्रेलर।
हंसवर। हंसवर में बुधवार देर रात मकरही मार्ग पर एक अनियंत्रित ट्रेलर घनश्याम के मकान में जा घुसा। हादसे में मकान के अगले हिस्से की छत भरभराकर ढह गई और आसपास की दुकानें व अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक व घर में सो रहे बाटी चोखा विक्रेता बच गए। कई घंटों की मशक्कत के बाद बृहस्पतिवार दोपहर ट्रेलर को मौके से हटवाया जा सका।
हंसवर इलाके में श्रीमती रघुराजी देवी महिला महाविद्यालय, हंसवर मकरही मार्ग पर दयाराम (62) यहां के घनश्याम के मकान में किराये पर रहते थे। पड़ोस में ही दुकान लगाकर बाटी चोखा बिक्री करते थे। बुधवार रात दयाराम घर पर सो रहे थे। रात करीब 11.30 बजे एनटीपीसी से राख लेकर मकरही की ओर से आ रहा एक ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और मकान में जा घुसा। हादसे में मकान की छत गिर गई और आसपास दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा।
घाटी बेचने वाला ठेला और एक साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के समय घर में सो रहे दयाराम बाल-बाल बच गए। जैसे तैसे भागकर बाहर निकले तो मकान की स्थिति देखकर उनके होश उड़ गए। तेज धमाका सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। ट्रेलर के केबिन में फंसे चालक को काफी मशक्कत के बाहर निकाला।
थाना प्रभारी अभिनेष कुमार ने मौके पर जांच की। बृहस्पतिवार दोपहर तक ट्रेलर हटवाया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि जग्गा यादव निवासी फूलपुर आजमगढ़ को हिरासत में लिया गया है।