अंबेडकरनगर। यातायात माह शुरू हुए 17 दिन बीत चुके हैं। दोपहिया पर तीन सवारी, ओवरलोडिंग और गलत साइड में वाहन दौड़ते देखे जा सकते हैं। सड़क पर ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले छह हजार से अधिक वाहनों का अब तक चालान किया जा चुका है। इसके बाद भी लोग नियम तोड़ने से बाज नहीं आ रहे हैं।
यातायात माह की शुरुआत एक नवंबर से हुई, जो इस पूरे माह चलेगी। स्कूलों में यातायात की सीख समेत वाहन चालकों को नियम समझाए जा रहे हैं, लेकिन सख्त कार्रवाई के अभाव में वाहन चालकों पर कोई असर नहीं हो रहा। प्रतिबंध के बावजूद ट्रैक्टर-ट्राली व अन्य भारी वाहन शहर में प्रवेश कर रहे हैं। बाइक पर तीन सवारी और वाहनों पर ओवरलोडिंग भी खुलेआम दिखाई दी। ट्रैफिक पुलिस की ओर से लगातार नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जा रही है।
मालवाहक से ढोए जा रहे यात्री
जलालपुर तहसील मोड के निकट से एक पिकअप जा रहा था। उसने वाहन पर माल के बजाय यात्रियों को लाद रखा था।मालवाहन से यात्रियों को ढोने पर प्रतिबंध होने के बाद भी खुलेआम नियम तार-तार होते नजर आए।
पुलिस के सामने टूटते रहे नियम
अकबरपुर रोडवेज पर पुलिस व यातायात सिपाहियों की तैनात थे। इनकी मौजूदगी के बाद भी बाइक चालक यातायात नियम तार-तार करने में जुटे थे। बिना हेलमेट व तीन सवारी बैठाकर फर्राटा भरते नजर आ रहे थे।
-
ट्रैक्टर-ट्रॉली पर जान जोखिम में डाल रहे मजदूर
जलालपुर कोतवाली के सामने से गुजर रहे ट्रैक्टर की ट्राॅली पर बोरियां लदी थी। उन बोरियों के ऊपर एक मजदूर बैठा था। वाहन चालक की जरा सी लापरवाही से हादसा होने पर मजदूर की जान भी जा सकती है।
अभियान चलाकर की जाएगी कार्रवाई
सड़क पर ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले छह हजार से अधिक वाहनों का चालान किया जा चुका है। मालवाहन वाहनों पर सवारी ढोना प्रतिबंधित है। ऐसे वाहनों पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
जेबी यादव, टीएसआई