कटेहरी (अंबेडकरनगर)। चीनी मिल पर गन्ना बेचकर बुधवार रात ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर लौट रहे किसान को बाइक सवार चार बदमाशों ने रोक लिया। कनपटी पर असलहा सटाकर हाथ-पैर बांधे और सड़क किनारे गड्ढे में फेंक दिया। चारों बदमाश ट्रैक्टर-ट्रॉली और मोबाइल लूटकर बड़ी आसानी से भाग निकले। पीड़ित किसान ने रेंगते हुए सड़क पर पहुंचकर राहगीरों से मदद मांगी। पुलिस के आला अफसर छानबीन में जुटे हैं।
थाना महरुआ क्षेत्र के धाने तारा गांव निवासी किसान विजय वर्मा बुधवार को ट्रैक्टर-ट्राॅली से गन्ना लेकर मिझौड़ा चीनी मिल गए थे। वहां रात करीब एक बजे गन्ना तौलाकर वापस घर आ रहे थे। रास्ते में अहिरौली थाना क्षेत्र में अकबरपुर-मिझौड़ा मार्ग पर कटघरवा-मदनगढ़ के पास जंगल किनारे दो बाइकों से आए चार बदमाशों ने किसान को रोक लिया। जब तक किसान कुछ समझ पाता, एक बदमाश ने उसकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया।
बदमाश उन्हें जंगल में ले गए और हाथ पैर बांधकर गड्ढे में फेंक दिया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली और मोबाइल लूटकर मौके से भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद विजय रेंगते हुए जैसे-तैसे सड़क पर पहुंचे। उन्होंने गन्ना बेचकर लौट रहे अन्य किसानों को रोककर मदद मांगी। इसके बाद विजय ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने परिजनों व पुलिस को दी। आननफानन एसपी केशव कुमार, एएसपी पूर्वी सहित कई थानों की पुलिस, स्वाॅट व सर्विलांस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित किसान से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। मामले में पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
बनाई गई पांच टीमें
किसान की शिकायत पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पांच टीमें लगाई गईं हैं। स्वाॅट और सर्विलांस टीमें बदमाशों की तलाश के लिए मैनुअल के साथ इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस की मदद ले रही हैं। जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
विशाल पांडेय, एएसपी पश्चिमी