अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर की सभी सड़कों की पटरियों को अविलंब नगर परिषद द्वारा दुरुस्त कराया जाए। यह निर्देश डीएम अविनाश सिंह ने शनिवार को जिला उद्योग एवं व्यापार बंधु समिति की कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में दिया।
डीएम ने कहा कि मुख्य सड़कों के बराबर तक पटरियों को अविलंब कर कर दिया जाए। इससे शहर में लगने वाले जाम और आवागमन में गतिरोध से काफी हद तक छुटकारा मिल सकेगा। डीएम ने उद्यमियों व व्यापारियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश अधिशासी अभियंता बिजली को दिए। डीएम ने व्यापारियों से अतिक्रमण हटाने में सहयोग करने को कहा। साथ ही बताया कि सभी बाजारों से अतिक्रमण हटाया जाएगा। एसडीएम व सीओ को निर्देशित किया कि अतिक्रमण करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई करेें। व्यापारियों से आह्वान किया कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग करें।
डीएम ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद आदि योजना के तहत प्राप्त आवेदन का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करने का निर्देश संबंधित विभाग एवं बैंकर्स को दिए। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना एवं प्लेज पार्क योजना आदि के प्रगति की भी समीक्षा की। बुनकरों को नियमानुसार समय से प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान सीडीओ आनंद कुमार शुक्ल तथा अन्य विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।