मालूम हो कि अमर उजाला बीते कई वर्षों से मेधावियों को सम्मानित करता चला आ रहा है। बीते वर्ष भी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा मेधावियों को सम्मानित किया गया था।
इसी क्रम में बुधवार को भी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मेधावी सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। इसमें जिले के भी दो मेधावियों को सम्मानित किया गया। बुधवार को मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित होने के बाद हाईस्कूल में सरदार पटेल स्मारक इंटर कालेज की छात्रा स्मिता पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों पुरस्कृत होकर वह अपने को गौरवान्वित महसूस कर रही है।
अभी भी ऐसा लग रहा है कि जैसे उसने कोई सपना देखा हो। अमर उजाला का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इससे न सिर्फ उसका हौसला बढ़ा है, वरन इससे जिले के अन्य छात्र छात्राओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। स्मिता के पिता बृजेश कुमार ने अमर उजाला का आभार जताया।
उधर जयबजरंग इंटर कालेज लारपुर के इंटरमीडिएट के छात्र दीपक गोस्वामी ने दूरभाष पर बताया कि मुख्यमंत्री से सम्मानित होकर वह कितनी खुशी महसूस कर रहा है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्र छात्राओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। कहा कि जो सम्मान अमर उजाला ने दिया है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। कहा कि इससे अन्य छात्र छात्राओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।