अंबेडकरनगर। जलालपुर विधानसभा क्षेत्र में पुरानी पुलियों की जगह तीन नए लघु सेतु बनाए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग की ओर से तैयार इन परियोजनाओं को शासन से मंजूरी मिल गई है। तीनों कार्यों पर 1.88 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे। निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में 37.67 लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं।
परियोजनाएं एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय के प्रस्ताव पर तैयार कर लोक निर्माण विभाग ने शासन को भेजी थीं। बजट स्वीकृत होने के बाद अब निर्माण प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। नूरपुर-कटका-बंदीपुर मार्ग से गौरा बाजार होते हुए नयानगर और आजमगढ़ सीमा तक संपर्क मार्ग के किलोमीटर 0-1 में सकरी पुलिया के स्थान पर लघु सेतु बनाया जाएगा। इसकी लागत 52.06 लाख रुपये है। पहली किस्त में 10.41 लाख रुपये मिले हैं।
नेवादा-बंदीपुर-कटका-सेमरा मार्ग के किलोमीटर आठ में पुलिया के स्थान पर 75.26 लाख रुपये की लागत से लघु सेतु बनेगा। इसके लिए 15.05 लाख रुपये की पहली किस्त जारी हुई है। इसी मार्ग के किलोमीटर सात में एक अन्य पुलिया की जगह 61.21 लाख रुपये से लघु सेतु बनाया जाएगा। इसके लिए 12.21 लाख रुपये जारी किए गए हैं।
एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय ने बताया कि क्षेत्र में जहां पुलिया निर्माण की जरूरत थी, वहां के प्रस्ताव शासन को भेजे गए थे। क्षेत्र की आवश्यकता के अनुसार सड़क और पुलिया से संबंधित अन्य प्रस्ताव भी आगे बढ़ाए जाएंगे।