अंबेडकरनगर। अधूरी तैयारियों और उधार के शिक्षकों के सहारे तीन नए विद्यालयों में शुरू हुए शिक्षण कार्य ने सभी की परेशानी बढ़ा दी है। लंबे इंतजार के बाद भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय मॉडल स्कूल रामनगर और इधना व जीजीआईसी टांडा को शैक्षिक व शिक्षणेत्तर स्टॉफ अभी तक नहीं मिला है। संबद्ध शिक्षकों के सहारे नए शिक्षा सत्र में संचालित हुए इन तीनों विद्यालयों में लिपिकीय से लेकर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तक की तैनाती नहीं हो पायी है। बिना गार्ड के स्कूल भवन की सुरक्षा भी भगवान भरोसे है।
कार्रवाई से बचने के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय मॉडल स्कूल रामनगर व इधना तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज टांडा का संचालन नए शिक्षासत्र में आननफानन में शुरू कर प्रवेश कार्य भी होने लगा। छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो सके, इसके लिए किसी भी विद्यालय के लिए स्वीकृत स्टॉफ नहीं उपलब्ध कराया जा सका है। तीनों ही विद्यालयों में शिक्षण कार्य की जिम्मेदारी उधार के शिक्षकों पर है।
डीआईओएस कार्यालय के अनुसार जीजीआईसी टांडा में कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाओं का संचालन प्रारंभ किया गया है। इस विद्यालय में प्रधानाचार्या की जिम्मेदारी जीजीआईसी जलालपुर की प्रवक्ता शकुंतला देवी को दी गई है। इसके अलावा जलालपुर की श्रद्धा सिंह, राजकीय विद्यालय के रामगढ़ के मनीष पांडेय, राजकीय विद्यालय फरीदपुर कुतुब की शमां नरगिस को सहायक अध्यापक के पद पर अस्थाई व्यवस्था के तहत भेजा गया है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय मॉडल स्कूल इधना में प्रधानाचार्य के पद पर प्रवक्ता पंडित दीनदयाल उपाध्याय मॉडल स्कूल जाफरगंज की प्रेमलता को सौंपी गई है।
इसी तरह सहायक अध्यापक पद पर राजकीय विद्यालय अकबरपुर के इंद्रजीत यादव, राजकीय विद्यालय बसिया की स्नेहलता, राजकीय विद्यालय रतना के राकेश कुमार को तैनात किया गया है। इसी प्रकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय मॉडल स्कूल रामनगर में राजकीय विद्यालय जहांगीरगंज के प्रधानाचार्य सुरेशलाल श्रीवास्तव को इस विद्यालय के प्रधानाचार्य का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
प्रवक्ता पद पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय मॉडल स्कूल खजूरडीह के अवधेश कुमार सोनी, सहायक अध्यापक पद पर राजकीय हाईस्कूल रानीमऊ की सीमा यादव व पंकज कुमार को शिक्षण कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन सभी अव्यवस्थाओं के बीच संबंधित विद्यालयों में शिक्षण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। अब तक जीजीआईसी टांडा में 50, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मॉडल स्कूल इधना में 21 व रामनगर में 15 छात्र छात्राएं नए प्रवेशार्थी के बतौर प्रवेश ले चुके हैं।
चतुर्थ श्रेणी व सफाई कर्मी की तैनाती नहीं
नए शिक्षा सत्र में तीन विद्यालयों का संचालन उधार के शिक्षकों के सहारे शुरू किया गया है। अभी तक इन तीनों ही कालेजों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के साथ किसी भी सफाई कर्मी व सुरक्षा गार्ड तक की तैनाती नहीं हुई है। ऐसे में सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि किस प्रकार से संबंधित विद्यालयों में काम काज चुस्त दुरुस्त रहेगा। ऐसे में शिक्षण कार्य की जिम्मेदारी संभालने वाले शिक्षकों को ही दस्तावेज दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी भी संभालनी पड़ रही है।
विभाग को भेजा गया पत्र
नए शिक्षासत्र में जीजीआईसी टांडा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मॉडल स्कूल इधना व रामनगर में शिक्षण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। फिलहाल दूसरे विद्यालयों के शिक्षकों के माध्यम से पढ़ाई शुरू कर दी है। स्थाई तैनाती के लिए शासन को पत्र भेजा गया है।
प्रवीण कमार मिश्र, डीआईओएस