सद्दरपुर। टांडा विकासखंड के रसूलपुर मुबारकपुर स्थित ग्रामीण सचिवालय में साफ-सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिली। डीपीआरओ उपेंद्र कुमार पांडेय ने तीन सफाईकर्मियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की गई है।
डीपीआरओ उपेंद्र कुमार पांडेय ने सोमवार को ग्रामीण सचिवालय का निरीक्षण किया था। इस दौरान सचिवालय परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहद खराब पाई गई। इसके बाद सफाईकर्मी महताब अली, इफ्तेखार और मोहम्मद अहमद को निलंबित किया गया। उन पर उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना का आरोप है। कर्मचारी आचरण नियमावली के उल्लंघन के भी आरोप लगाए गए हैं। डीपीआरओ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण में मिली कमियों को गंभीरता से लिया गया है।
जांच अधिकारियों की नियुक्ति
महताब अली के मामले में एडीओ (पंचायत) कटेहरी को जांच अधिकारी बनाया गया है। इफ्तेखार के मामले की जांच एडीओ (पंचायत) रामनगर को सौंपी गई है। मोहम्मद अहमद के खिलाफ जांच की जिम्मेदारी एडीओ (पंचायत) बसखारी को दी गई है। निलंबन अवधि के दौरान तीनों सफाईकर्मी विकास खंड टांडा कार्यालय से संबद्ध रहेंगे।